Muzaffarnagar Accident: हरिद्वार में गंगा स्नान करने की इच्छा लेकर घर से निकले छह दोस्तों का सफर कभी खत्म नहीं होगा, यह किसी ने नहीं सोचा था. सोमवती अमावस्या पर धार्मिक यात्रा की तैयारी करके निकले इन युवकों के परिवार घर वापसी का इंतजार कर रहे थे. लेकिन मुजफ्फरनगर में हुए भीषण सड़क हादसे ने सब कुछ बदल दिया. जिस कार में बैठकर छह दोस्त साथ निकले थे, वही उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गई.
हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र के राखीगढ़ी और मोठ गांव के रहने वाले इन युवकों की मौत से पूरे इलाके में शोक है. सबसे ज्यादा दर्दनाक बात यह है कि मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं. एक ही परिवार के दोनों बेटों की मौत ने परिजनों को पूरी तरह तोड़ दिया है. गांव में हर तरफ मातम है और परिवारों का रो रोकर बुरा हाल है.
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की उम्र महज 20 से 23 साल के बीच थी. मृतकों में राखीगढ़ी निवासी साहिल (20), अमन (21), अंकित (21), राहुल (23) और मोठ गांव के दो युवक शामिल थे. सभी आपस में दोस्त थे और साथ में हरिद्वार जाने का कार्यक्रम बनाया था. किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस यात्रा को लेकर वे इतने उत्साहित थे, वही उनके परिवारों के लिए जिंदगीभर का दर्द बन जाएगी.
इन छह युवकों की अपनी अलग अलग जिम्मेदारियां और सपने थे. साहिल पुत्र सोमकुमार ड्राइविंग का काम करता था. अमन पुत्र रामफल और अजय पुत्र शमशेर पढ़ाई कर रहे थे. अंकित पुत्र राजेश भी विद्यार्थी था. वहीं, राखीगढ़ी निवासी अंकित पुत्र समुंदर एसी और फ्रिज की मरम्मत का काम करता था. राहुल गैस बिल्डिंग में मिस्त्री का काम करता था. कम उम्र में ही सभी अपने भविष्य को संवारने में जुटे थे.
इस हादसे ने एक परिवार को ऐसा जख्म दिया है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा. मृतकों में अंकित और राहुल सगे भाई बताए गए हैं. दोनों भाइयों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जिन माता पिता को अपने दोनों बेटों के भविष्य से उम्मीदें थीं, उनके सामने अब जिंदगी का सबसे कठिन दौर है. घर में एक साथ दो बेटों का चले जाना पूरे परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गया है.
यह दुर्घटना 9 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे मुजफ्फरनगर हाईवे पर हुई. मुजफ्फरनगर के एसएसपी सूरज कुमार राय के मुताबिक, पानीपत की ओर से आ रही कार में छह लोग सवार थे. जग्गाहेड़ी टोल के बाद फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार के कारण चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा. कार डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में पलट गई और उसमें आग लग गई. सूचना पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. आग बुझाने के बाद सभी छह लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौत हो गई.
हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई. जिन घरों में कुछ समय पहले तक हंसी खुशी का माहौल था, वहां अब अपनों को खोने का गम है. हादसा इतना भीषण था कि बिजली के खंभे के दो टुकड़े हो गए और डिवाइडर का करीब 10 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. एसएसपी के अनुसार, पुलिस मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रही है. छह दोस्तों की मौत ने कई परिवारों के सपने छीन लिए और पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है.