देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 में पेपर लीक के मामले ने पूरे देश में सनसनी मचा दी. इसके चलते करीब 22 लाख छात्रों और उनके परिवारों पर इसका गहरा असर पड़ा. इसको लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने परीक्षा रद्द होने के मामले पर केंद्र सरकार तीखा हमला बोला है. उन्होंने ट्टीट कर कहा कि, "किसी पिता ने कर्ज लिया, किसी मां ने गहने बेचे, लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की और बदले में मिला पेपर लीक."
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि लाखों छात्रों की मेहनत और सपनों को भ्रष्ट व्यवस्था ने कुचल दिया है. राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा कि किसी मां ने गहने बेचे, किसी पिता ने कर्ज लिया और लाखों छात्रों ने रातभर जागकर पढ़ाई की, लेकिन बदले में उन्हें पेपर लीक और सरकारी लापरवाही मिली. उन्होंने इसे युवाओं के भविष्य के साथ अपराध बताते हुए कहा कि अगर मेहनत से ज्यादा महत्व पैसे और पहुंच को मिलेगा तो शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा खत्म हो जाएगा.
NEET 2026 की परीक्षा रद्द हो गयी।
22 लाख से ज़्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया।
किसी पिता ने कर्ज़ लिया,
किसी माँ ने गहने बेचे,
लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की,
और बदले में मिला, पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा में…— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 12, 2026Also Read
सरकार ने दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान तो कर दिया है लेकिन नई परीक्षा की तारीख और प्रक्रिया को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. छात्र मानसिक तनाव और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहे हैं. शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि बार-बार पेपर लीक की घटनाएं परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को कमजोर कर रही हैं.
एनटीए ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि केंद्रीय एजेंसियों से मिली जानकारी के बाद परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए थे. एजेंसियों की रिपोर्ट में संकेत मिले कि परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हो सकती हैं. इसके बाद सभी तथ्यों की समीक्षा कर NEET UG 2026 को रद्द करने का फैसला लिया गया. एजेंसी का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और भरोसा बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी था.