menu-icon
India Daily

दिल्ली समेत देशभर के एयरपोर्ट पर घटेंगे CISF के जवान, प्राइवेट गार्ड संभालेंगे सुरक्षा की कमान

देश के 74 एयरपोर्ट पर CISF जवानों की तैनाती कम करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. उनकी कुछ जिम्मेदारियां प्रशिक्षित निजी सुरक्षा गार्डों को दी जा सकती हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
दिल्ली समेत देशभर के एयरपोर्ट पर घटेंगे CISF के जवान, प्राइवेट गार्ड संभालेंगे सुरक्षा की कमान
Courtesy: Pinterest

देश के एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. केंद्र सरकार के स्तर पर तैयार किए गए प्रस्ताव के तहत हवाईअड्डों पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों की संख्या कम की जाएगी.

उनकी कुछ जिम्मेदारियां प्रशिक्षित निजी सुरक्षा गार्डों को सौंपी जा सकती हैं. एयरपोर्ट ऑपरेटरों की मांग पर संबंधित एजेंसियों ने इस प्रस्ताव की समीक्षा की है. फिलहाल प्रस्ताव गृह मंत्रालय को भेजा गया है.

74 एयरपोर्ट पर तैनात हैं CISF के जवान

देश के कुल 119 एयरपोर्ट में से 74 पर CISF के जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, CISF के करीब 2 लाख जवान देशभर में सेवा दे रहे हैं. इनमें से लगभग 55 हजार जवान एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात हैं. प्रस्ताव लागू होने पर हजारों जवानों की तैनाती कम हो सकती है.

तीन श्रेणियों में बांटे गए एयरपोर्ट

ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) ने यात्रियों की संख्या के आधार पर एयरपोर्ट को तीन श्रेणियों में बांटकर नई व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार किया है. छोटे एयरपोर्ट पर एक शिफ्ट में पहले करीब 100 CISF जवान तैनात रहते थे, जिनकी संख्या घटाकर 70 करने का प्रस्ताव है. मीडियम एयरपोर्ट पर पहले 120 से 150 जवानों की तैनाती होती थी, जिसे घटाकर 80 से 100 किया जा सकता है. वहीं, बड़े एयरपोर्ट पर पहले 170 से 200 जवान तैनात रहते थे. अब इनकी संख्या 120 से 140 करने की योजना है.

प्राइवेट गार्ड को मिलेगी जिम्मेदारी

एयरपोर्ट ऑपरेटरों का कहना है कि CISF की तैनाती और रखरखाव पर काफी खर्च होता है. ऐसे में कुछ जिम्मेदारियां निजी सुरक्षा एजेंसियों को सौंपने से वित्तीय बोझ कम हो सकता है. निजी गार्डों की नियुक्ति एयरपोर्ट ऑपरेटर टेंडर प्रक्रिया के जरिए करेंगे. तैनाती से पहले उन्हें विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी. इसमें CISF के अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

CISF के जवानों को एयरपोर्ट सुरक्षा का विशेष प्रशिक्षण और अनुभव होता है. ऐसे में निजी गार्डों को जिम्मेदारी सौंपने से उनकी ट्रेनिंग, जवाबदेही और सुरक्षा क्षमता को लेकर सवाल उठ रहे हैं. वहीं, एयरपोर्ट से हटाए जाने वाले CISF जवानों को दूसरी सुरक्षा इकाइयों में तैनात किया जाएगा. दिल्ली एयरपोर्ट पर CISF की स्वीकृत संख्या करीब 6,000 से 6,500 बताई जाती है. हालांकि, प्रस्ताव लागू होने और जिम्मेदारियों के बंटवारे को लेकर अंतिम आधिकारिक फैसला आना बाकी है.