menu-icon
India Daily

फ्री ई-वीजा से लेकर न्यूक्लियर एनर्जी और गेमिंग तक... ASEAN समिट में PM मोदी की बड़ी बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ASEAN देशों के साथ भारत के संबंध मजबूत करने के लिए फ्री ई-वीजा, समुद्री सुरक्षा, परमाणु ऊर्जा, क्रिटिकल मिनरल्स, साइबर सुरक्षा और रचनात्मक उद्योगों में सहयोग बढ़ाने के प्रस्ताव रखे.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
फ्री ई-वीजा से लेकर न्यूक्लियर एनर्जी और गेमिंग तक... ASEAN समिट में PM मोदी की बड़ी बातें
Courtesy: X/@narendramodi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन ASEAN के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए कई अहम प्रस्ताव रखे हैं. इनमें ASEAN देशों के पर्यटकों को मुफ्त ई-वीजा देने, परमाणु ऊर्जा में तकनीकी सहयोग, समुद्री सुरक्षा और क्रिटिकल मिनरल्स की सप्लाई चेन मजबूत करने जैसे मुद्दे शामिल हैं.

विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को मनीला में आयोजित 23वें ASEAN-भारत शिखर सम्मेलन के बाद जारी बयान में इन प्रस्तावों की जानकारी दी. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ASEAN के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की जरूरत है.

समुद्री सुरक्षा और साइबर धोखाधड़ी पर सहयोग

पीएम मोदी ने समुद्री क्षेत्र में सहयोग के लिए लंबी अवधि की योजना बनाने का सुझाव दिया. इसके तहत समुद्री संपर्क, शोध, आपदा प्रबंधन और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने की बात कही गई.

ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से निपटने के लिए संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया. इसके अलावा सस्ती परमाणु ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी जानकारी और अनुभव साझा करने पर जोर दिया गया.

अंतरिक्ष तकनीक और क्रिटिकल मिनरल्स पर साझेदारी

कृषि और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल के लिए अंतरिक्ष तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ASEAN-भारत स्पेस हैकाथॉन आयोजित करने का प्रस्ताव दिया गया. वहीं, महत्वपूर्ण खनिजों की मजबूत सप्लाई चेन बनाने के लिए खनन और क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्र में संयुक्त व्यवस्था विकसित करने की बात कही गई.

युवाओं, फिल्मों और गेमिंग पर भी फोकस

प्रधानमंत्री ने युवाओं के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए ASEAN-भारत यूथ समिट, युवा सांसदों के आदान-प्रदान और स्टार्टअप हैकाथॉन का सुझाव दिया. फिल्मों, गेमिंग, संगीत और एनिमेशन जैसे रचनात्मक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए WAVES में ASEAN-भारत क्रिएटिव पार्टनरशिप पवेलियन बनाने का प्रस्ताव भी रखा.

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ASEAN के रिश्ते 35 साल पूरे करने की ओर बढ़ रहे हैं. दोनों पक्षों का लक्ष्य एक सुरक्षित, समृद्ध और बेहतर तरीके से जुड़ा भविष्य बनाना है, जिसमें ASEAN की केंद्रीय भूमिका बनी रहे.