menu-icon
India Daily

'देश को शर्मिंदा किया...', राहुल गांधी पर बरसे किरेन रिजिजू, दे डालीं ये बड़ी नसीहतें

हैदराबाद में कांग्रेस के भारत सम्मेलन 2026 को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच विवाद बढ़ गया है. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें सात सलाह दीं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'देश को शर्मिंदा किया...', राहुल गांधी पर बरसे किरेन रिजिजू, दे डालीं ये बड़ी नसीहतें
Courtesy: Pinterest

हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के भारत सम्मेलन 2026 को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने खुद का मजाक बनवाया और देश को भी शर्मिंदा किया. रिजिजू ने राहुल गांधी को सात सलाह देते हुए कहा कि अगर वह इन बातों पर अमल करते हैं तो कांग्रेस दोबारा जनता का भरोसा जीत सकती है.

केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी को सलाह दी कि उन्हें भारत में अधिक समय बिताना चाहिए और बार-बार होने वाली गुप्त विदेशी यात्राओं से बचना चाहिए. उनका कहना था कि देश की राजनीति में सक्रिय रहने वाले नेता को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करने और अनुभवी नेताओं से सीख लेने की अपील की.

रिजिजू ने और क्या दी सलाह?

रिजिजू ने राहुल गांधी को भारत विरोधी विचार रखने वाले लोगों से दूरी बनाने की सलाह भी दी. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से मुलाकात करने और उनके एजेंडे को बढ़ावा देने से बचना चाहिए. केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी से बीजेपी, आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कथित नफरत खत्म करने की बात कही. उन्होंने कहा कि बीजेपी को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखना चाहिए, न कि दुश्मन के तौर पर.

संसद और संविधान के प्रति गंभीरता दिखाने की सलाह

किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी से संसद की कार्यवाही को ज्यादा गंभीरता से लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि सांसदों को सदन में बहस और चर्चा में हिस्सा लेने का पूरा अवसर मिलना चाहिए. उनके मुताबिक, लोकतंत्र में संसद की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और विपक्ष को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए.

उन्होंने संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान पर भी जोर दिया. इसके अलावा रिजिजू ने कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करने और पार्टी को लोकतांत्रिक तरीके से चलाने की सलाह दी. उन्होंने वंशवादी राजनीति खत्म करने की बात कहते हुए संकेत दिया कि कांग्रेस को नेतृत्व और संगठन के स्तर पर बदलाव की जरूरत है.

भारत सम्मेलन को लेकर बीजेपी ने लगाए गंभीर आरोप

रिजिजू का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हैदराबाद में कांग्रेस के भारत सम्मेलन 2026 को लेकर बीजेपी लगातार सवाल उठा रही है. बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस ने सम्मेलन में ऐसे विदेशी वक्ताओं को मंच दिया, जिनके कथित तौर पर अरबपति निवेशक जॉर्ज सोरोस से जुड़े संगठनों के साथ संबंध हैं. पार्टी का दावा है कि इन वक्ताओं ने भारत के खिलाफ बयान दिए हैं.