menu-icon
India Daily

राघव चड्ढा ने प्रीपेड मोबाइल यूजर्स को दी खुशखबरी: अब 30 दिन के रिचार्ज और केवल कॉलिंग वाले प्लान उपलब्ध

सांसद राघव चड्ढा ने बताया कि ट्राई के नए नियमों के तहत अब 28 की बजाय 30 दिन के रिचार्ज और केवल कॉलिंग-SMS वाले सस्ते प्रीपेड प्लान मिलेंगे.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
राघव चड्ढा ने प्रीपेड मोबाइल यूजर्स को दी खुशखबरी: अब 30 दिन के रिचार्ज और केवल कॉलिंग वाले प्लान उपलब्ध
Courtesy: X/@raghav_chadha

भारत के करोड़ों प्रीपेड मोबाइल ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है. राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि केंद्र सरकार और भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने 'दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (13वां संशोधन) नियम, 2026' लागू कर दिया है. इस नए नियम के तहत अब मोबाइल यूजर्स को 30 दिन की वैधता वाले रिचार्ज प्लान और बिना डाटा वाले सिर्फ कॉलिंग व एसएमएस प्लान के विकल्प मिलेंगे.

13 के बजाय अब केवल 12 महीने का रिचार्ज

राघव चड्ढा ने याद दिलाया कि उन्होंने 11 मार्च 2026 को संसद में 28 दिन वाले रिचार्ज प्लान की समस्या को प्रमुखता से उठाया था. उन्होंने कहा था कि एक साल में 12 महीने होते हैं, लेकिन 28 दिन की साइकिल होने के कारण उपभोक्ताओं को मजबूरी में साल में 13 बार रिचार्ज कराना पड़ता था. अब पूरे 30 दिन की वैधता वाले प्लान आने से ग्राहकों को साल में सिर्फ 12 बार ही मंथली रिचार्ज करना होगा.

बिना डाटा वाले सस्ते वॉइस प्लान

संसद में उठाए गए दूसरे मुद्दे का जिक्र करते हुए सांसद ने कहा कि देश में ऐसे कई बुजुर्ग, ग्रामीण और कम बजट वाले उपभोक्ता हैं जो स्मार्टफोन का इस्तेमाल नहीं करते और उन्हें मोबाइल डाटा की जरूरत नहीं होती. ट्राई के नए दिशानिर्देशों के बाद अब दूरसंचार कंपनियां केवल इनकमिंग और आउटगोइंग सुविधा वाले वॉइस और एसएमएस प्लान पेश करेंगी. इससे उपभोक्ताओं को केवल उन्हीं सेवाओं का भुगतान करना होगा जिनका वे उपयोग करते हैं.

सकारात्मक राजनीति का प्रतीक

इस फैसले का स्वागत करते हुए राघव चड्ढा ने इसे 'रचनात्मक और सकारात्मक राजनीति' का एक बेहतरीन उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि जब कोई जन प्रतिनिधि संसद में जनता की आवाज उठाता है और सरकार उस पर त्वरित फैसला लेती है, तो इससे लोकतंत्र मजबूत होता है. उन्होंने सरकार और ट्राई का आभार व्यक्त करते हुए आम लोगों को इस बड़ी सफलता की बधाई दी.