menu-icon
India Daily

'हैपी दिवाली सैम भाई', पीएम मोदी ने कांग्रेस नेता पर क्यों लुटाया प्यार? वजह है बेहद खास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा और उनकी पत्नी को दिवाली व गुजराती नववर्ष की शुभकामनाएं दीं. पित्रोदा ने हाल ही में मोदी की व्यक्तिगत खूबियों की तारीफ की थी.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'हैपी दिवाली सैम भाई', पीएम मोदी ने कांग्रेस नेता पर क्यों लुटाया प्यार? वजह है बेहद खास
Courtesy: X

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस नेता और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा को दिवाली और गुजराती नववर्ष की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने पित्रोदा की पत्नी अंजना को भी बधाई दी. यह संदेश पित्रोदा की ओर से मोदी की व्यक्तिगत व्यवहार और गर्मजोशी की तारीफ किए जाने के बाद आया है.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'सैम भाई और अंजना बेन को दिवाली और नूतन वर्ष अभिनंदन. आपके आने वाले साल के खुशहाल और स्वस्थ रहने की प्रार्थना करता हूं. जय जगन्नाथ!'

सैम पित्रोदा ने की थी पीएम मोदी की तारीफ

दरअसल, हाल ही में एक समाचार एजेंसी को दिए एक इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री मोदी की व्यक्तिगत खूबियों की तारीफ की थी. उन्होंने मोदी को अच्छा वक्ता और मेहनती नेता बताते हुए कहा था कि व्यक्तिगत स्तर पर वह काफी गर्मजोशी और अपनापन दिखाते हैं. पित्रोदा ने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी उनके गुजराती मित्र हैं और वह एक व्यक्ति के तौर पर उनका सम्मान करते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि वह और उनकी पत्नी प्रधानमंत्री से मिल चुके हैं. उनके मुताबिक, मोदी का व्यवहार उनके प्रति हमेशा अच्छा और दोस्ताना रहा है.

विचारधारा को लेकर है मतभेद

कांग्रेस नेता ने साफ किया कि प्रधानमंत्री मोदी से उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है. उनके बीच मतभेद केवल विचारधारा और दुनिया को देखने के नजरिये को लेकर हैं. पित्रोदा ने कहा कि वह मोदी के विचारों से असहमत हो सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उनके व्यक्तिगत संबंध खराब हैं. उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक मतभेद होने के बावजूद वह प्रधानमंत्री के साथ बैठकर डिनर कर सकते हैं और हंसी-मजाक भी कर सकते हैं.