चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा का समापन सोमवार, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हो गया. देशभर में श्रद्धालुओं ने सुबह-सुबह नदियों, तालाबों और छठ घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने इस पर्व को संकल्प, साधना और प्रकृति के प्रति आस्था का अद्भुत संगम बताया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर छठ महापर्व के समापन पर लोगों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लिखा कि उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया है. प्रकृति को समर्पित इस दिव्य पर्व में दृढ़ संकल्प और साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला. पीएम मोदी ने छठी मैया से प्रार्थना करते हुए कहा कि व्रत रखने वाले सभी श्रद्धालुओं और देशभर में रहने वाले उनके परिवारजनों पर माता की कृपा बनी रहे. उन्होंने सभी के सुख, शांति और खुशहाली की कामना भी की.
उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ आज महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठी मइया से विनती है कि वे सभी व्रतियों के साथ-साथ देशभर के मेरे परिवारजनों को अपना शुभाशीष प्रदान करें।
— Narendra Modi (@narendramodi) November 16, 2026
छठ पूजा के अंतिम दिन देश के अलग-अलग हिस्सों में राजनीतिक नेताओं ने भी पूजा-अर्चना की. बिहार की राजधानी पटना में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सिर पर दउरा लेकर छठ घाट पहुंचे. इस दौरान उनकी पत्नी दीपमाला ने छठ पूजा के पारंपरिक अनुष्ठान पूरे किए.
बिहार के मुंगेर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की. वहीं, छत्तीसगढ़ के जशपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी पत्नी के साथ छठ पूजा में शामिल हुए और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बीजेपी सांसद रवि किशन ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित भीम सरोवर में सुबह का अर्घ्य दिया. वहीं, दिल्ली में बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने सोनिया विहार घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया.
छठ पूजा के चौथे और अंतिम दिन सोमवार को उषा अर्घ्य दिया गया. इस दिन व्रती सुबह सूर्योदय से पहले ही नदी, तालाब और जलाशयों के किनारे पहुंच गए थे. उन्होंने पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को जल और दूध अर्पित किया. इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व के सभी प्रमुख अनुष्ठान पूरे हो गए.
छठ पूजा में उषा अर्घ्य का विशेष धार्मिक महत्व है. इससे एक दिन पहले रविवार की शाम को अस्त होते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया गया था. संध्या अर्घ्य में डूबते सूर्य के प्रति कृतज्ञता प्रकट की जाती है, जबकि उषा अर्घ्य नई सुबह और नई ऊर्जा का स्वागत करने का प्रतीक माना जाता है.
उषा अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं ने छठी मैया और भगवान सूर्य की पूजा की. इस दौरान परिवार के सदस्यों की अच्छी सेहत, बच्चों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की गई. घाटों पर छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई दी और चारों तरफ भक्तिमय माहौल देखने को मिला.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया और सूर्य देव की उपासना करने से परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आती है. पूजा के सभी अनुष्ठान पूरे होने के बाद व्रतियों ने घर के बड़ों का आशीर्वाद लिया और छठ का प्रसाद ग्रहण कर अपना निर्जला व्रत खोला. इसी के साथ आस्था, अनुशासन और प्रकृति की उपासना का चार दिवसीय महापर्व संपन्न हो गया.