menu-icon
India Daily

बिरसा मुंडा जयंती पर एमपी में बड़ा आयोजन, डही से पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मध्यप्रदेश में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है. धार जिले के डही में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली संबोधित करेंगे.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
बिरसा मुंडा जयंती पर एमपी में बड़ा आयोजन, डही से पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन
Courtesy: Pinterest

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को मध्यप्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है. इस मौके पर धार जिले के डही में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़कर लोगों को संबोधित करेंगे. वहीं, राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समारोह में शामिल होंगे. इस आयोजन के जरिए जनजातीय समाज के योगदान, उनके संघर्ष और विकास से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा.

मध्यप्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इन आयोजनों का मुख्य कार्यक्रम 15 नवंबर को धार जिले के डही में होगा. राज्यपाल और मुख्यमंत्री भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस दौरान धार में रोड शो भी करेंगे. इसके अलावा वे ग्रामीणों से संवाद कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे और हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ मिलने को लेकर फीडबैक भी प्राप्त करेंगे.

डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का होगा लोकार्पण

समारोह में डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण भी किया जाएगा. इस परियोजना से धार और आलीराजपुर जिले के किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी उपलब्ध हो सकेगा. इससे क्षेत्र में खेती को बढ़ावा मिलने और कृषि गतिविधियों का विस्तार होने की उम्मीद है. खासकर जनजातीय बहुल इलाकों के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलने से खेती के रकबे में बढ़ोतरी हो सकती है.

इसके साथ ही मुख्यमंत्री धार जिले में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत पात्र पट्टाधारियों के भूखंडों और मकानों की रजिस्ट्री भी कराएंगे. कार्यक्रम के दौरान जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने की भी तैयारी है. इन योजनाओं का उद्देश्य स्थानीय लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र के विकास को गति देना है.

जोबट में भी आयोजित होंगे कार्यक्रम

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर धार के डही के अलावा आलीराजपुर जिले के जोबट में भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह और अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे.

16 नवंबर को खंडवा और ब्यौहारी में आयोजन

तीन दिवसीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का समापन 16 नवंबर को होगा. इस दिन खंडवा जिले और शहडोल जिले के ब्यौहारी में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन आयोजनों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, उनके संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया जाएगा.

साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में संचालित विकास और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी. इन कार्यक्रमों के जरिए जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में उनके ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया जा रहा है.