menu-icon
India Daily

Chhath Puja 2026: उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, दिल्ली से बिहार तक घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Chhath Puja 2026: लोकआस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार, 16 नवंबर 2026 को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया.

Shilpa Shrivastava
Chhath Puja 2026: उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, दिल्ली से बिहार तक घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
Courtesy: X

Chhath Puja 2026: लोकआस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार, 16 नवंबर 2026 को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया. सोमवार तड़के से ही देशभर के नदी, तालाब और अस्थायी छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. व्रती महिलाओं और पुरुषों ने भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.

उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही खरना के बाद शुरू हुआ करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत भी पूरा हो गया. पूजा समाप्त होने के बाद व्रती पारण करेंगे और ठेकुआ, फल सहित अन्य पारंपरिक प्रसाद ग्रहण कर अपना व्रत खोलेंगे. दिल्ली-NCR से लेकर बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र तक छठ पर्व की रौनक देखने को मिली.

दिल्ली-NCR के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़:

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह से ही छठ पूजा को लेकर उत्साह देखने को मिला. यमुना नदी के घाटों और अलग-अलग इलाकों में बनाए गए अस्थायी पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. गाजियाबाद के विभिन्न छठ घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. घाटों पर की गई आकर्षक सजावट और लेजर लाइट की व्यवस्था लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रही.

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो ने सोमवार को अपनी सेवाएं सुबह 4:30 बजे से शुरू कीं. आम दिनों में मेट्रो सेवा सुबह 6 बजे शुरू होती है. शुरुआती समय में सभी मेट्रो लाइनों पर 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें चलाई गईं.

बिहार में गंगा घाटों से सूर्यकुंड तक दिखी छठ की रौनक:

छठ महापर्व के लिए विशेष पहचान रखने वाले बिहार में भी सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. राजधानी पटना में गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती पहुंचे और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. गया के प्रसिद्ध सूर्यकुंड में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. 

इसके अलावा मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, मधेपुरा, रोहतास और लखीसराय सहित कई जिलों में छठ पूजा के समापन पर विशेष आयोजन किए गए. इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी अपने परिवार के साथ पूजा की टोकरी सिर पर लेकर घाट पहुंचे और छठ पूजा में शामिल हुए.

वाराणसी से अयोध्या तक घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब:

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में भी छठ पूजा का उत्साह देखने को मिला. वाराणसी के गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचने लगे थे. अयोध्या में सरयू नदी के किनारे बड़ी संख्या में व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. सहारनपुर और हरिद्वार में भी लोगों ने पारंपरिक तरीके से छठ पूजा की. 

वहीं, उत्तराखंड के जोशीमठ में ठंड और बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई. गांधी मैदान में लोगों ने पूरे विधि-विधान से पूजा की. इसके अलावा राजस्थान के उदयपुर और पाली तथा महाराष्ट्र के जालना में भी छठ महापर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया.

13 नवंबर को शुरू हुआ था चार दिवसीय छठ महापर्व:

छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर 2026 को नहाय-खाय के साथ हुई थी. इस दिन व्रतियों ने स्नान और शुद्ध भोजन के साथ पर्व की शुरुआत की. इसके बाद 14 नवंबर को खरना किया गया. खरना के दिन शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है. खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू करते हैं.

15 नवंबर को छठ पूजा के तीसरे दिन डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया गया. इसके बाद सोमवार सुबह 16 नवंबर को उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया गया. इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया.