menu-icon
India Daily

पुलिस स्टेशन के टॉयलेट में मिली शिकायतकर्ता की लाश, SHO समेत कई पुलिसकर्मी सस्पेंड

तमिलनाडु के मदुरै में शिकायत के सिलसिले में पुलिस स्टेशन पहुंचे ट्रक ड्राइवर की टॉयलेट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
पुलिस स्टेशन के टॉयलेट में मिली शिकायतकर्ता की लाश, SHO समेत कई पुलिसकर्मी सस्पेंड
Courtesy: X

तमिलनाडु के मदुरै जिले में एक पुलिस स्टेशन के टॉयलेट के अंदर ट्रक ड्राइवर की लाश मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान बालाकृष्णन के रूप में हुई है. वह अपनी पुरानी शिकायत के सिलसिले में चेक्कानूरानी पुलिस स्टेशन पहुंचा था. पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे वह टॉयलेट में बेहोशी की हालत में मिला. उसे तुरंत राजीव गांधी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

फांसी लगाकर जान देने की आशंका

पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि बालाकृष्णन ने टॉयलेट में फांसी लगाकर आत्महत्या की. हालांकि, मौत की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. मामले में न्यायिक जांच कराने का फैसला लिया गया है. साथ ही पुलिस स्टेशन के CCTV फुटेज को सुरक्षित रख लिया गया है.

ट्रक में आग लगने की शिकायत लेकर पहुंचा था

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बालाकृष्णन थेनी से मदुरै तक इलायची का परिवहन करने का काम करता था. 3 नवंबर 2026 को थेवरम से मदुरै जाते समय वलंदूर टैंक बंड के पास उसके ट्रक में आग लग गई थी. इस घटना में वाहन में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया था. उसने इस संबंध में वलंदूर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी.

SHO समेत पुलिसकर्मी सस्पेंड

बालाकृष्णन चेक्कानूरानी पुलिस स्टेशन में मामले से जुड़े CCTV फुटेज देखने और जांच में सहयोग करने पहुंचा था. दक्षिणी क्षेत्र के IG विजयेंद्र बिदरी ने बताया कि निष्पक्ष जांच के लिए मामला CB-CID को सौंपा जाएगा. घटना के बाद स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) और ड्यूटी पर तैनात संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है.