menu-icon
India Daily

PM Modi 76th Birthday: जन्मदिन पर PM मोदी के लिए नेताओं के संदेशों में दिखी अलग तस्वीर, जानिए किसने क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर समेत कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
PM Modi 76th Birthday: जन्मदिन पर PM मोदी के लिए नेताओं के संदेशों में दिखी अलग तस्वीर, जानिए किसने क्या कहा
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर देश के कई बड़े राजनीतिक नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से लेकर केंद्रीय मंत्रियों और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक ने उनके सार्वजनिक जीवन और देश के लिए किए गए कामों का उल्लेख किया. जन्मदिन के मौके पर दिए गए संदेशों में सुशासन, जनसेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण जैसे मुद्दे प्रमुख रहे. योगी आदित्यनाथ ने मोदी को ‘विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता’ और ‘नए भारत’ का निर्माता बताया.

राष्ट्रपति मुर्मु ने सुशासन और समावेशी विकास का किया जिक्र

राष्ट्रपति मुर्मु ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल में सुशासन के कई नए मानदंड स्थापित हुए हैं. राष्ट्रपति ने समावेशी विकास को अभूतपूर्व गति और नई दिशा देने की बात भी कही. उनका संदेश मुख्य रूप से मोदी के सार्वजनिक जीवन, शासन व्यवस्था और विकास से जुड़े कार्यों पर केंद्रित रहा.

CM योगी ने बताया ‘नए भारत’ का निर्माता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने मोदी को ‘विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता’, ‘एक भारत-उत्कृष्ट भारत’ का दूरदर्शी और ‘नए भारत’ का निर्माता बताया. योगी ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को प्रमुख बताया. 

अमित शाह ने योजनाओं और आम लोगों का किया उल्लेख

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आम लोगों और समाज के निचले तबके को शासन के केंद्र में रखने की बात कही. उन्होंने पक्के घर, आयुष्मान कार्ड, तीन तलाक से मुक्ति और नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख किया. शाह ने स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया और नई शिक्षा नीति को भी युवाओं के लिए अवसरों से जोड़ा. 

राहुल गांधी ने दी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई

राहुल गांधी ने भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा कि  'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. आपको अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हैं.'

'सार्थक जीवन के लिए शुभकामनाएं'- अखिलेश यादव 

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की बधाई दी और स्वस्थ एवं सक्रिय सार्थक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी हैं.

जयशंकर और सुकांत मजूमदार ने भी दी बधाई

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने प्रधानमंत्री मोदी को सफलता, अच्छे स्वास्थ्य और जनता की सेवा में लंबे समय तक बने रहने की शुभकामना दी. उन्होंने मोदी के विचारों और उपलब्धियों को वैश्विक स्तर पर प्रेरणा का स्रोत बताया. केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कोलकाता में मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और देश को आगे बढ़ाने के तरीके का उल्लेख किया.