PM Modi In Parliament: पीएम मोदी आज लोकसभा में सांसदों को संबोधित कर रहे हैं. इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष और परिवारवाद पर जमकर हमला बोला है. पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष ने जो संकल्प किया है, मैं उसकी सराहना करता हूं. इससे मेरा और देश का विश्वास पक्का हो गया है. इन्होंने लंबे समय तक वहां रहने का संकल्प लिया है. अब कई दशक तक जैसे यहां बैठे थे, वैसे ही कई दशक तक वहां बैठने का आपका संकल्प जनता जनार्दन पूरा करेगी.
पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष के लोग इन दिनों जिस तरह से मेहनत कर रहे हैं उसे देखकर मैं यह पक्का मानता हूं कि जनता जनार्दन इन्हें जरूर आशीर्वाद देगी. पीएम ने आगे कहा कि आप जिस ऊंचाई पर हैं, उससे भी अधिक ऊंचाई पर जरूर पहुंचेगे और अगले चुनाव में दर्शक दीर्घा में दिखेंगे.
राजनीति में परिवारवाद पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश परिवारवाद से त्रस्त है. उन्होंने कहा कि विपक्ष में एक परिवार की पार्टी है. हमें देखिए, ना राजनाथ जी की पॉलिटिकल पार्टी है, ना अमित शाह की पॉलिटिकल पार्टी है. पीएम ने कहा कि जहां परिवार की पार्टी हो वह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है.
पीएम मोदी ने कहा कि किसी परिवार के दो लोग प्रगति करते हैं तो मैं उसका स्वागत करूंगा लेकिन सवाल ये है कि परिवार ही पार्टियां चलाती हैं तो या लोकतंत्र के लिए खतरा है. उन्होंने आगे कहा कि हम कहते हैं मेक इन इंडिया, कांग्रेस कहती है कैंसिल, हम कहते हैं, संसद की नई इमारत, कांग्रेस कहती है कैंसिल. मैं हैरान हूं कि यह मोदी की उपलब्धि नहीं है बल्कि देश की उपलब्धियां है, इतनी नफरत कब तक पालेंगे.
पीएम मोदी ने कहा कि तीसरे टर्म में भारत तीसरी बड़ी इकॉनमी बनेगा, यह मोदी की गारंटी है. उन्होंने कहा कि आज अगर कांग्रेस होती तो तीसरी बड़ी इकॉनमी बनने के लिए 2044 तक इंतजार करना पड़ता. पीएम ने आगे कहा कि मुझे कांग्रेस की सोच पर दया आती है. उनकी सुस्त रफ्तार का कोई मुकाबला नहीं है. कांग्रेस ने हमारी रफ्तार की कल्पना भी नहीं की होगी.
पीएम मोदी ने कहा कि जिस काम को मैंने 10 साल में किया उस काम को करने में कांग्रेस 100 साल लगाती. हमने शहरी गरीबों के लिए 80 लाख पक्के मकान बनाए. लोगों को 17 करोड़ गैस कनेक्शन दिए. कांग्रेस को यह काम करने में 60 साल लगते, कांग्रेस ने हमेशा खुद को शासक और जनता को छोटा माना है.
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नेहरू जी ने भारतीयों को आलसी बताया था और इंदिरा जी की सोच भी उनसे ज्यादा अलग नहीं थी. कांग्रेस ने देश के समार्थ्य पर कभी विश्वास नहीं किया. वहीं, इंडिया गठबंधन को लेकर पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने भानुमति का कुनबा जोड़ा. राहुल गांधी ने इन दिनों नया-नया मैकेनिक का काम सीखा है.