menu-icon
India Daily

PM मोदी के डिनर में आखिर क्यों शामिल नहीं हुए शी जिनपिंग? जानें कारण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार शाम नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS समिट में शामिल नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए खास डिनर का आयोजन किया. इस खास डिनर में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शामिल नहीं हुए.

Shilpa Shrivastava
PM मोदी के डिनर में आखिर क्यों शामिल नहीं हुए शी जिनपिंग? जानें कारण
Courtesy: Pinterest

 

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार शाम नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS समिट में शामिल नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए खास डिनर का आयोजन किया. इस रात्रिभोज में भारत की अलग-अलग जगहों के स्वाद और पाक परंपराओं को दिखाने वाला विशेष शाकाहारी मेन्यू रखा गया. डिनर के दौरान ‘नवरस: द यूनिवर्स ऑफ शेयर्ड इमोशन्स’ नाम की सांस्कृतिक प्रस्तुति भी हुई.

जिनपिंग डिनर में नहीं हुए शामिल:

इस खास डिनर में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शामिल नहीं हुए. सूत्रों के अनुसार, जिनपिंग डिनर में जाने के बजाय आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे. हालांकि, उनके डिनर में शामिल नहीं होने की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है. वहीं, अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए.

मेहमानों को मिला भारतीय स्वाद:

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत BRICS के अन्य नेताओं ने डिनर में हिस्सा लिया और भारतीय व्यंजनों का स्वाद लिया. मेहमानों के लिए स्टार्टर में खास खंडवी मिलेफॉय परोसी गई. इसे बेसन से बनी खंडवी, आम, नारियल, करी पत्ते और दही की ड्रेसिंग के साथ तैयार किया गया था. इसके अलावा खुंब गलौटी भी मेन्यू का हिस्सा रही. इसमें मशरूम से बने कबाब को हल्का ग्रिल करके पुदीने और शीरमल ब्रेड के साथ परोसा गया.

क्या था मेन कोर्स में?

मेन कोर्स में पनीर लबाबदार, हिमालयी गुच्छी मशरूम, शतावरी, अरहर दाल, बीटरूट रायता और मिवेट पुलाव जैसे व्यंजन शामिल थे. इसके साथ अलग-अलग तरह की भारतीय रोटियां भी परोसी गईं. दक्षिण भारतीय स्वाद को दिखाने के लिए ढक्काली बेले सारू भी मेन्यू में रखा गया.

डेजर्ट में पुरानी दिल्ली के स्वाद से प्रेरित ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी परोसी गई. इसमें मौसमी फलों, हल्की क्रीम और कुरकुरी जलेबी का स्वाद शामिल था. इसके अलावा शहतूत फिरनी भी मेहमानों को परोसी गई.