नई दिल्ली: मध्य प्रदेश में सीएम के तौर पर मोहन यादव के नाम के ऐलान के बाद दो डिप्टी सीएम के नाम का ऐलान कर दिया गया है. विधायक दल की बैठक में फैसला हुआ है कि सूबे में डिप्टी सीएम पद की कमान राजेंद्र शुक्ला और जगबीर देवड़ा संभालेंगे. भोपाल में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मोहन यादव ने राजभवन में राज्यपाल मंगूभाई सी. पटेल से मुलाकात करके सरकार बनाने का दावा पेश किया है. इस दौरान केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ प्रदेश के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे.
#WATCH | Madhya Pradesh CM-designate Mohan Yadav meets Governor Mangubhai C. Patel at Raj Bhavan in Bhopal and stakes claim to form the government pic.twitter.com/AWkHiHGKvL
— ANI (@ANI) December 11, 2023
सरकार बनाने का दावा पेश किये जाने के बाद मध्य प्रदेश में नई सरकार के गठन की प्रकिया तेज हो गई है. ऐसे में इस बात की उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही मोहन यादव बतौर CM तो वहीं राजेंद्र शुक्ला और जगबीर देवड़ा बतौर डिप्टी सीएम शपथ लेंगे. CM बनाए गए मोहन यादव उज्जैन दक्षिण से विधायक हैं. मोहन यादव को संघ का करीबी बताया जाता है और वह ओबीसी समाज से आते है. वहीं डिप्टी सीएम बनाए गए जगदीश देवड़ा मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ से विधायक हैं और वह SC वर्ग से आते हैं. वहीं दूसरे डिप्टी सीएम बनाये गए राजेन्द्र शुक्ला रीवा सीट से विधायक हैं और वह ब्राह्मण समाज से ताल्लुक रखते है.
मोहन यादव को BJP विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगू भाई पटेल को अपना इस्तीफा सौंप दिया. बीजेपी ने मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड बनाते हुए 18 सालों तक शासन करने के बाद सत्ता में वापसी की है. मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए हुए मतदान में बीजेपी ने 163 सीटों पर बड़ी जीत हासिल की है. ऐतिहासिक जीत हासिल करने के बाद बीजेपी ने कयासों पर विराम लगाते हुए मोहन यादव को विधायक दल का नया नेता चुन लिया है.