menu-icon
India Daily

बेंगलुरु मेट्रो से सफर करना हुआ महंगा, जानें अब क्या होगा बेस फेयर, 9 फरवरी से नए किराए होंगे लागू

बेंगलुरु मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को 9 फरवरी से ज्यादा किराया देना होगा. बैंगलोर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने सभी 10 किराया जोन में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है. न्यूनतम और अधिकतम किराए में भी इजाफा किया गया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
बेंगलुरु मेट्रो से सफर करना हुआ महंगा, जानें अब क्या होगा बेस फेयर, 9 फरवरी से नए किराए होंगे लागू
Courtesy: x

बेंगलुरु में मेट्रो से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है. बैंगलोर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने घोषणा की है कि 9 फरवरी से मेट्रो किराए में 5 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी लागू होगी. यह बढ़ोतरी शहर के पूरे मेट्रो नेटवर्क के सभी 10 किराया जोन पर लागू होगी. इस बदलाव के बाद मेट्रो का न्यूनतम किराया 10 रुपये से बढ़कर 11 रुपये हो जाएगा. वहीं अधिकतम किराया 90 रुपये से बढ़कर 95 रुपये तय किया गया है.

BMRCL की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 9 फरवरी से लागू होने वाले नए किराए इस प्रकार होंगे.

किराया जोन

  • F1 दूरी 0 से 2 किलोमीटर मौजूदा किराया 10 रुपये संशोधित किराया 11 रुपये
  • F2 दूरी 2 से 4 किलोमीटर मौजूदा किराया 20 रुपये संशोधित किराया 21 रुपये
  • F3 दूरी 4 से 6 किलोमीटर मौजूदा किराया 30 रुपये संशोधित किराया 32 रुपये
  • F4 दूरी 6 से 8 किलोमीटर मौजूदा किराया 40 रुपये संशोधित किराया 42 रुपये
  • F5 दूरी 8 से 10 किलोमीटर मौजूदा किराया 50 रुपये संशोधित किराया 53 रुपये
  • F6 दूरी 10 से 15 किलोमीटर मौजूदा किराया 60 रुपये संशोधित किराया 63 रुपये
  • F7 दूरी 15 से 20 किलोमीटर मौजूदा किराया 70 रुपये संशोधित किराया 74 रुपये
  • F8 दूरी 20 से 25 किलोमीटर मौजूदा किराया 80 रुपये संशोधित किराया 84 रुपये
  • F9 दूरी 25 से 30 किलोमीटर मौजूदा किराया 90 रुपये संशोधित किराया 95 रुपये
  • F10 दूरी 30 किलोमीटर से अधिक मौजूदा किराया 90 रुपये संशोधित किराया 95 रुपये

स्मार्ट कार्ड यूजर्स को मिलती रहेगी छूट

BMRCL ने साफ किया है कि स्मार्ट कार्ड और NCMC कार्ड इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को मिलने वाली सभी यात्री अनुकूल छूट पहले की तरह जारी रहेंगी.

  • पीक आवर्स के दौरान 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी.
  • नॉन पीक आवर्स में 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी.
  • रविवार और तीन तय राष्ट्रीय छुट्टियों पर भी 10 प्रतिशत की छूट लागू रहेगी.

टूरिस्ट कार्ड और ग्रुप टिकट भी हुए महंगे

5 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी टूरिस्ट कार्ड और ग्रुप टिकट पर भी लागू होगी.

  • एक दिन का टूरिस्ट कार्ड

स्मार्ट कार्ड 300 रुपये से बढ़कर 313 रुपये
मोबाइल क्यूआर 250 रुपये से बढ़कर 263 रुपये

  • तीन दिन का टूरिस्ट कार्ड

स्मार्ट कार्ड 600 रुपये से बढ़कर 628 रुपये
मोबाइल क्यूआर 550 रुपये से बढ़कर 578 रुपये

  • पांच दिन का टूरिस्ट कार्ड

स्मार्ट कार्ड 900 रुपये से बढ़कर 943 रुपये
मोबाइल क्यूआर 850 रुपये से बढ़कर 893 रुपये

क्यों बढ़ाया गया मेट्रो किराया?

BMRCL ने बताया कि यह बढ़ोतरी मेट्रो रेलवे संचालन और रखरखाव अधिनियम 2002 के तहत गठित किराया निर्धारण समिति की सिफारिशों के अनुसार की गई है. यह समिति मेट्रो ऑपरेटर को हर साल अधिकतम 5 प्रतिशत तक किराया बढ़ाने की अनुमति देती है. BMRCL के अनुसार सालाना ऑटोमैटिक किराया संशोधन 9 फरवरी 2026 से लागू होगा. यह तारीख उस दिन के एक साल पूरे होने पर तय की गई है जब पहली बार किराया निर्धारण समिति की सिफारिशें लागू की गई थीं.