menu-icon
India Daily

हाथ जोड़कर किससे माफी मांग रहे थे इंडिगो CEO? मंत्री राम मोहन नायडू ने वायरल फोटो का सच दुनिया को बताया

वायरल तस्वीर पर मंत्री राम मोहन नायडू का बयान सामने आया है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने (पीटर एल्बर्स) ने हाथ जोड़े, वह न सिर्फ मुझसे बल्कि देश के उन लोगों से माफी मांग रहे थे, जिन्हें संकट के बीच परेशानी का सामना करना पड़ा. 

Anuj
Edited By: Anuj
हाथ जोड़कर किससे माफी मांग रहे थे इंडिगो CEO? मंत्री राम मोहन नायडू ने वायरल फोटो का सच दुनिया को बताया

नई दिल्ली: इंडिगो संकट को लेकर हाल ही में नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने एयरलाइन के CEO पीटर एल्बर्स के साथ अपने कार्यालय में चर्चा की थी. मुलाकात के दौरान एयरलाइन के CEO मंत्री के सामने हाथ जोड़कर बैठे हुए दिखाई दिए थे, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई थी.  

वायरल तस्वीर पर राम मोहन नायडू का बयान

अब इस वायरल तस्वीर पर मंत्री राम मोहन नायडू का बयान सामने आया है. नेशनल न्यूज चैनल के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने (पीटर एल्बर्स) ने हाथ जोड़े, वह न सिर्फ मुझसे बल्कि देश के उन लोगों से माफी मांग रहे थे, जिन्हें संकट के बीच परेशानी का सामना करना पड़ा. 

'कुप्रबंधन की वजह से समस्या उत्पन्न हुई'

मंत्री राम मोहन नायडू ने आगे कहा कि यह समस्या एयरलाइन के कुप्रबंधन की वजह से उत्पन्न हुई. नई गाइडलाइन के अनुसार, क्रू रोस्टर तैयार करना एयरलाइन की जिम्मेदारी थी, लेकिन इसमें गड़बड़ी होने के कारण कई फ्लाइट्स रद्द हुई और कई कई फ्लाइट्स देरी से उड़ान भर पाई.

'संकट पूरी तरह टाला जा सकता था'

राम मोहन नायडू ने स्पष्ट किया कि यह संकट पूरी तरह टाला जा सकता था और यह अप्रत्याशित नहीं था. उन्होंने इंडिगो से अपेक्षा जताई कि भविष्य में ऐसी गड़बड़ी न हो और यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े. इस पूरे मामले में एयरलाइन के प्रबंधन और नियमों के पालन पर निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है.

इंडिगो को जिम्मेदार ठहराया

केंदीय मंत्री ने इस अव्यवस्था के लिए सीधे तौर पर इंडिगो को जिम्मेदार ठहराया.  उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि इंडिगो के आंतरिक क्रू रोस्टरिंग सिस्टम में गड़बड़ी के कारण यह संकट पैदा हुआ. यदि एयरलाइन ने फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) के नए नियमों के तहत व्यवस्था सही से की होती, तो यह व्यवधान टाला जा सकता था.

उड़ानों में 10 प्रतिशत की कटौती का आदेश

आपको बता दें कि संकट के बीच मंत्रालय ने इंडिगो के टॉप मैनेजमेंट के साथ बैठक करके स्थिति का जायजा लिया था. बैठक में तय किया गया था कि इंडिगो अपने सभी रूट्स पर करीब 10% फ्लाइट्स कम करेगी. इसका उद्देश्य एयरलाइन के संचालन को स्थिर करना और फ्लाइट रद्द होने की घटनाओं में कमी लाना है. हालांकि, कटौती के बावजूद इंडिगो अपने सभी शहरों में उड़ानें जारी रखेगी और कोई भी गंतव्य बंद नहीं होगा.