menu-icon
India Daily

आज ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का होगा जन महाभियोग, शाह ने दी खुली चुनौती

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का जन महाभियोग कार्यक्रम दिल्ली में भारी बारिश के कारण टल गया.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
आज ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का होगा जन महाभियोग, शाह ने दी खुली चुनौती
Courtesy: Pinterest

Gyanesh Kumar Impeachment Row: देश की राजनीति में चुनाव आयोग को लेकर टकराव और तेज हो गया है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष ने मोर्चा खोल दिया है. शुक्रवार को दिल्ली में हुई तेज बारिश के कारण कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर प्रस्तावित जन महाभियोग कार्यक्रम टालना पड़ा. अब विपक्षी नेता शनिवार को इस सांकेतिक विरोध कार्यक्रम को आयोजित करेंगे.

इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को खुली चुनौती दे दी है. उन्होंने वोट चोरी के आरोपों पर संसद का विशेष सत्र बुलाकर चर्चा करने की बात कही है. वहीं, एक नवंबर को रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली प्रस्तावित है.

बारिश ने बिगाड़ा विपक्ष का कार्यक्रम

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को करनी थी, जबकि मल्लिकार्जुन खरगे को प्रस्ताव पेश करना था. बारिश के कारण कार्यक्रम नहीं हो सका. हालांकि, राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता खरगे के आवास पहुंचे और संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की. राहुल ने कहा कि विपक्ष संविधान और जनता के वोट की रक्षा के लिए एकजुट है.

अमित शाह ने राहुल-अखिलेश को दी चुनौती

लखनऊ में अमित शाह ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर वोट चोरी हुई है तो राहुल गांधी और अखिलेश यादव संसद में आकर चर्चा करें. उन्होंने विशेष संसद सत्र बुलाने की चुनौती दी. शाह ने कहा कि बीजेपी को कुछ छिपाना नहीं है. उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप भी लगाया.

एक नवंबर को रामलीला मैदान में शक्ति प्रदर्शन

राहुल गांधी के मुताबिक, एक नवंबर को दोपहर 12 बजे विपक्षी सांसद और नेता मिंटो रोड तथा कनॉट प्लेस के जंक्शन पर जुटेंगे. यहां से सभी नेता विशेष बसों के जरिए रामलीला मैदान पहुंचेंगे. विपक्ष इस रैली के जरिए चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करना चाहता है.

दोनों खेमों में तेज हुई जुबानी जंग

समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने बीजेपी की जीत को चुनावी प्रबंधन से जोड़कर सवाल उठाए. टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने विपक्षी एकजुटता को बड़ी ताकत बताया. दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया. बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी और संबित पात्रा ने भी विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर सवाल खड़े किए.

व्यापारियों को सता रहा कारोबार प्रभावित होने का डर

दिल्ली के कारोबारी भी प्रस्तावित मार्च और रैली को लेकर चिंतित हैं. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने राहुल गांधी को पहले तीन पत्र लिखे थे. जवाब नहीं मिलने पर सोनिया गांधी को भी पत्र भेजा गया है. CTI चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, त्योहारों के दौरान पुरानी और मध्य दिल्ली के बाजारों में भीड़ रहती है. ऐसे में ट्रैफिक बाधित होने से कारोबार प्रभावित हो सकता है. संगठन ने रैली दीपावली के बाद कराने की अपील की है.