कोलकाता में धरने पर बैठीं पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि मैं तब तक नहीं मरूंगी जब तक तुम लोगों को नहीं हटाऊंगी. बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद अपनी पहली सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा या तो हम लड़ेंगे या मरेंगे.
ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी के अध्यक्ष मुझे कई बार फोन करके मदद मांगते थे लेकिन मैंने यह बात कभी मीडिया में नहीं बताई. बीजेपी को छोड़कर मेरे सभी राजनीतिक पार्टियों से अच्छे संबंध हैं लेकिन जब भी बीजेपी ने मदद मांगी मैंने उनकी मदद की. बुरे दिनों में मैंने उनका साथ दिया, उन्हें कई बार फोन किया. मैं यहीं हूं और यहीं रहूंगी. जब तक जिंदा हूं, एक बहादुर की तरह लड़ूंगी.
कोलकाता के वाई चैनल पर धरना दे रही ममता ने टीएमसी की बैठकों से गायब विधायकों की ओर इशारा करते हुए कहा जो हमसे गद्दारी कर रहे हैं मैं उनसे यही कहूंगी कि ईश्वर अल्ला तेरे नाम सबको सम्मति दे भगवान. अभिषेक बनर्जी पर हमले का जिक्र करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि अगर उस दिन पत्थर अभिषेक के सिर पर लगा होता तो उसकी मौके पर ही मौत हो सकती थी.
सीएम सुवेंदु अधिकारी पर तंज कसते हुए कहा कि अभी बीजेपी के पुराने लोगों के पास पावर नहीं है बल्कि दूसरी पार्टी से आए लोगों के पास पावर है. उन्होंने कहा कि पुलिस यहां टीएमसी कार्यकर्ताओं को आने नहीं दे रही है लेकिन मैं अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखूंगी. अपने संबोधन में ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल चुनाव जीतने के लिए बीजेपी ने 294 में से 177 सीटों पर वोटों की गिनती में धांधली की.
ममता बनर्जी आज कोलकाता के रानी रासमणि रोड के वाई चैनल पर धरना दे रही हैं. टीएमसी का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमले हुए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी को तोड़ने के लिए नेताओं को डराया-धमकाया जा रहा है.