menu-icon
India Daily

'मेरे घर पर हमला करो, हमें मुकाबला करना आता है...'; कोलकाता रैली में ममता बनर्जी ने बीजेपी को दी चुनौती

कोलकाता रैली में ममता बनर्जी ने बीजेपी को खुली चुनौती दे डाली. उन्होंने साफ कर दिया कि वह बीजेपी के कार्यकर्ताओं से बिल्कूल भी नहीं डरती...

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
'मेरे घर पर हमला करो, हमें मुकाबला करना आता है...'; कोलकाता रैली में ममता बनर्जी ने बीजेपी को दी चुनौती
Courtesy: X

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की घोषणा के ठीक एक दिन बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को भाजपा पर जोरदार हमला बोला. कोलकाता में एक विशाल विरोध रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने भाजपा को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वह उनके और TMC के अन्य नेताओं के घरों पर हमला करे. उन्होंने कहा, "मैं भाजपा को चुनौती देती हूं कि वह मेरे और TMC के अन्य नेताओं के घरों पर हमला करे; हमें मुकाबला करना आता है". बता दें कि राज्य में दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी, जबकि नतीजे 4 मई को आएंगे.

शशि पांजा के घर पर हमले का मामला

मुख्यमंत्री का यह बयान राज्य मंत्री शशि पांजा के आवास पर कथित हमले के बाद आया है. शनिवार को कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में स्थित शशि पांजा के घर के बाहर जमकर पथराव हुआ था. चश्मदीदों के मुताबिक, भीड़ ने जय श्री राम के नारे लगाए और मंत्री के घर के बाहर लगे फ्लेक्स को फाड़ दिया. पुलिस ने इस झड़प में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है.

कार्यकर्ताओं ने जान लेने की कोशिश की

शशि पांजा ने खुद आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में शामिल होने आए BJP कार्यकर्ताओं ने उनकी जान लेने की कोशिश की. उन्होंने कहा, "BJP गुंडे नहीं, हत्यारे हैं. 50 से ज्यादा TMC कार्यकर्ता घायल हुए है. मुझे अंदर धकेल दिया गया क्योंकि मेरी तरफ भी भारी पत्थर फेंका गया".

'केसरिया गुंडागर्दी' बर्दाश्त नहीं: TMC नेता अभिषेक बनर्जी

TMC नेता अभिषेक बनर्जी ने इस घटना को केसरिया गुंडागर्दी करार दिया और कहा कि बंगाल इसे बर्दाश्त नहीं करेगा. वहीं सांसद महुआ मोइत्रा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि पीएम मोदी जिस महा जंगलराज की बात कर रहे हैं, वह तो उन्हीं के कार्यकर्ता लेकर आए हैं. उन्होंने कहा, "बंगाल में किसी कैबिनेट मंत्री के घर पर पहली बार हमला हुआ है".

LPG संकट पर साधा निशाना

इस रैली का मुख्य मुद्दा LPG गैस सिलेंडरों की कमी था. ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर अनियोजित स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "यह गैस गुब्बारे की गैस नहीं है". TMC सांसद सायोनी घोष ने आरोप लगाया कि जहां घरों और रेस्तराओं में गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे, वहीं BJP की रैली में 250 से अधिक LPG सिलेंडरों का इस्तेमाल जलेबी और कचौड़ी तलने में किया गया.