menu-icon
India Daily

केरल में जीती कांग्रेस, तो शशि थरूर बनेंगे मुख्यमंत्री? सांसद ने खुद दिया जवाब

मीडिया से बातचीत में थरूर ने बताया कि चुनाव में उम्मीदवार न होने के कारण उनकी भूमिका थोड़ी अलग रहने वाली है. उन्होंने कहा कि वह किसी एक सीट तक सीमित नहीं रहेंगे.

Anuj
Edited By: Anuj
केरल में जीती कांग्रेस, तो शशि थरूर बनेंगे मुख्यमंत्री? सांसद ने खुद दिया जवाब
Courtesy: @Sheetal2242

नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने केरल विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है. आयोग ने राज्य में एक चरण में मतदान कराने का फैसला किया है. असम और पुडुचेरी के साथ केरल में भी 9 अप्रैल को वोटिंग होगी. तारीख के ऐलान के बाद राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है.

इस बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर की मुख्यमंत्री उम्मीदवारी को लेकर अटकलें तेज हो गई है. हालांकि, थरूर ने साफ शब्दों में इन कयासों को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि वह इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, इसलिए मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल होने का सवाल ही नहीं उठता. 

शशि थरूर ने क्या कहा?

मीडिया से बातचीत में थरूर ने बताया कि चुनाव में उम्मीदवार न होने के कारण उनकी भूमिका थोड़ी अलग रहने वाली है. उन्होंने कहा कि वह किसी एक सीट तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि पूरे राज्य में जाकर प्रचार करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि वह केरल के हर इलाके में जाकर पार्टी के लिए समर्थन जुटाने के लिए उत्साहित हैं. मुख्यमंत्री पद के सवाल पर थरूर ने स्पष्ट किया कि उनकी ऐसी कोई इच्छा नहीं है. उनका मानना है कि आदर्श स्थिति में मुख्यमंत्री का चयन उन्हीं विधायकों में से होना चाहिए, जो चुनाव जीतकर आते हैं.

'85 से 100 सीटें जीतना बड़ी सफलता होगी'

सीटों के लक्ष्य पर बात करते हुए थरूर ने कहा कि विधानसभा चुनाव में 85 से 100 सीटें जीतना बड़ी सफलता होगी. राज्य में खुल 140 विधानसभा सीटें हैं. उन्होंने कहा कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट(UDF) खासतौर से वाम मोर्चे को गुगली डाल रहा है, क्योंकि वो मुश्किल पिच पर खेल रहे हैं और हम उन्हें हरा सकते हैं. मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है.

'कांग्रेस के लिए नुकसानदायक'

इस दौरान यह सवाल भी उठा कि बिना मुख्यमंत्री चेहरे के चुनाव लड़ना कांग्रेस के लिए नुकसानदायक हो सकता है. इस पर थरूर ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से वह मानते हैं कि चेहरा घोषित करना एक विकल्प हो सकता था, लेकिन पार्टी की परंपरा ऐसी नहीं रही है. वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी डी सतीशन ने जानकारी दी कि उम्मीदवारों के चयन से जुड़े सभी मुद्दों को सुलझा लिया गया है. उन्होंने बताया कि बाकी बची 40 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जल्द जारी की जाएगी. इससे पहले पार्टी 55 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है.