Jaya Bachchan on Operation Sindoor: राज्यसभा में मॉनसून सत्र 2025 के दौरान 'ऑपरेशन सिंदूर' पर तीखी चर्चा चल रही है. इस दौरान समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने सरकार से कई सवाल किए. उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' के नाम पर सवाल उठाते हुए पूछा 'जब महिलाओं का सिंदूर उजड़ गया, तो इस ऑपरेशन का नाम सिंदूर क्यों रखा गया?' जया बच्चन का यह बयान सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में आ गया है.
'सिंदूर तो उजड़ गया फिर ऑपरेशन का नाम सिंदूर क्यों'
जया बच्चन ने कहा कि सरकार ने आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का वादा किया था, लेकिन पाहलगाम हमले में 26 लोगों की जान चली गई. उन्होंने सरकार से पूछा कि आखिर आतंकवाद को खत्म करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए? उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार को इसकी पूरी जानकारी देश के सामने रखनी चाहिए. जया बच्चन ने यह भी पूछा कि इस ऑपरेशन के पीछे की रणनीति क्या थी और क्या यह वाकई सफल रहा?
उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि इतने बड़े हमले के बाद भी सरकार जवाब देने से बच रही है. जया बच्चन ने सरकार की विदेश नीति पर भी निशाना साधा और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस दावे पर सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम करवाया. जया बच्चन ने पूछा, 'अगर ऑपरेशन सिंदूर इतना सफल था, तो ट्रम्प ऐसा दावा क्यों कर रहे हैं?'
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जया बच्चन का वीडियो
इतना ही नहीं जया बच्चन ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन पर भी सवाल उठाए. उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश करार दिया और कहा कि यह लोकतंत्र के लिए खतरा है. जया बच्चन के सवालों ने संसद में गर्मागर्म बहस को जन्म दिया. उनके इस बयान ने न केवल संसद बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींचा. फैंस उनकी बेबाकी की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे राजनीतिक बयानबाजी मान रहे हैं.