menu-icon
India Daily

आज भारत पहुंचेगा कुवैत एयरपोर्ट ड्रोन हमले में मारे गए भारतीयों का पार्थिव शरीर, जानें घायलों की स्थिति

कुवैत अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 13 भारतीय घायल हुए हैं. मृतक का पार्थिव शरीर शुक्रवार को भारत पहुंच सकता है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
आज भारत पहुंचेगा कुवैत एयरपोर्ट ड्रोन हमले में मारे गए भारतीयों का पार्थिव शरीर, जानें घायलों की स्थिति
Courtesy: @BabakTaghvaee1 x account

नई दिल्ली: कुवैत अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हुए हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक का पार्थिव शरीर शुक्रवार को भारत पहुंचने की उम्मीद है. इस घटना में 13 अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं, जिनका कुवैत के विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है. भारत सरकार और भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित परिवारों के संपर्क में हैं.

विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर. महाजन ने गुरुवार को पश्चिम एशिया की स्थिति पर आयोजित अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में इस जानकारी की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि कुवैत एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मृत्यु हो गई है. भारतीय दूतावास मृतक के परिवार के साथ लगातार संपर्क में है और आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहा है.

उन्होंने आगे क्या कहा?

महाजन ने कहा कि हमले में घायल हुए 13 भारतीय नागरिकों का इलाज कुवैत के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है. भारतीय मिशन स्थानीय प्रशासन और चिकित्सा अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए हुए है ताकि घायलों को हर संभव सहायता मिल सके.

इस बीच विदेश मंत्रालय पश्चिम एशिया में तेजी से बदल रहे घटनाक्रमों पर लगातार नजर रख रहा है. मंत्रालय ने क्षेत्र में मौजूद भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है.

भारतीय नागरिकों को क्या दी गई है सलाह?

महाजन ने यह भी बताया कि ईरान का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुल चुका है, लेकिन भारतीय नागरिकों को फिलहाल ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है. उन्होंने कहा कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने अब तक भूमि मार्गों के जरिए 2,557 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रूप से ईरान से बाहर निकालने में सहायता प्रदान की है.

उन्होंने बताया कि इजरायल का हवाई क्षेत्र भी अब खुल चुका है और सीमित संख्या में उड़ान सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं. हालांकि क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है.

क्या है पूरा मामला?

बुधवार को ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच कुवैत अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर ड्रोन हमला हुआ था. घटना के बाद कुवैत प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था.

हमले के असर से हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं. भारत की प्रमुख एयरलाइन IndiGo ने कुवैत आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को 4 जून 2026 को दोपहर 12 बजे तक निलंबित कर दिया था. बाद में स्थिति की समीक्षा के बाद उड़ान संचालन को लेकर आगे के निर्णय लिए गए.