मुंबई: सफर की शुरुआत ऐप पर कैब बुक करने की सहूलियत से होती है लेकिन कभी-कभी यही सफर एक डरावने अनुभव में बदल जाता है. मुंबई से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां महज 40 रुपये के टोल टैक्स के विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि कैब ड्राइवर ने एक महिला पैसेंजर पर हाथ उठा दिया.
यह पूरी घटना मुंबई की रहने वाली एक 21 वर्षीय डिजिटल कंटेंट क्रिएटर शिवानी के साथ घटी. उन्होंने आरोप लगाया है कि एक उबर ड्राइवर ने उनके साथ मारपीट और बदसलूकी की है. यह घटना महालक्ष्मी से नेरुल की यात्रा के दौरान 22 अप्रैल को हुई.
शिवानी के बताए अनुसार उन्होंने ऐप के जरिए अपनी उबर राइड बुक की थी. जब सफर शुरू हुआ था तब ऐप पर किराया करीब 460 रुपये दिख रहा था. लेकिन शाम करीब 4 बजे जब वे नेरुल में अपनी मंजिल पर पहुंचीं तो फाइनल किराया बढ़कर 501 रुपये हो गया. शिवानी ने बिना किसी आपत्ति के इस बढ़ी हुई रकम का ऑनलाइन भुगतान उबर ऐप के जरिए कर दिया.
असली विवाद गाड़ी से उतरते वक्त शुरू हुआ. ऑनलाइन पेमेंट होने के बाद भी ड्राइवर ने उनसे 40 नकद मांगे और दावा किया कि यह टोल टैक्स का पैसा है. शिवानी ने नकद पैसे देने से साफ मना कर दिया क्योंकि उनका मानना था कि टोल का खर्च ऐप में दिखाए गए किराए में पहले से ही जुड़ा हुआ था.
यहां देखें वीडियो
यह असहमति देखते ही देखते एक तीखी बहस में बदल गई. शिवानी का आरोप है कि ड्राइवर ने पहले उन्हें गाड़ी से उतरने से रोकने की कोशिश की. जब वे किसी तरह कैब से बाहर निकलीं तो ड्राइवर बेहद आक्रामक हो गया. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने सेल्फ डिफेंस में ड्राइवर को पीछे धकेला तो उसने उन्हें थप्पड़ मार दिया उनका हाथ पकड़ा और उसे इतनी जोर से मरोड़ा कि उन्हें गंभीर चोट लग गई.
शिवानी ने सोशल मीडिया पर आपबीती शेयर करते हुए बताया कि मारपीट के बाद भी ड्राइवर उन्हें धमकाता रहा और बोला 'क्या तुम चाहती हो कि मैं तुम्हें दोबारा मारूं?' इस घटना से वे बुरी तरह डर गईं. सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.