Aaj Ka Mausam: आज यानी 10 मई को भारत के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. उत्तरी राज्यों से लेकर दक्षिणी राज्यों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के के मुताबिक जम्मू और कश्मीर, उत्तराखंड, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में कई जगहों पर बारिश हो सकती है. 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्ता र से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान आने की भी आशंका जताई गई है.
साउथ इंडिया के केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश होने की संभावना आईएमडी द्वारा जताई गई है. बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान और 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं इन इलाकों पर असर डाल सकती हैं. वहीं राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में लू चलने की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है.
दिल्ली-NCR में हल्की बारिश हो सकती है. उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा में में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कई इलाकों में आंधी-तूफान और 40 से 50 किमी प्रति घंटे के बीच हवा की रफ्तार को लेकर चेतावनी जारी की है. उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ जिलों में बारिश के साथ धूल भरी आंधी आने का भी संकेत मौसम विभाग ने जारी किया है.
वहीं भारत के नॉर्थ-ईस्ट के राज्य असम और मेघालय में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की उम्मीद जताई गई है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान आईएमडी ने जारी किया है. गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में भी आंधी-तूफान और तेज हवाओं के साथ ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है.
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. महाराष्ट्र में भी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की उम्मीद है. इस बीच 10 मई को कोंकण और गोवा के कुछ इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है.