एल्विश यादव पर जहरीले सांप के वेनम सप्लाई करने का आरोप है. इस मामले की जांच अब ईडी कर रही है. नोएडा पुलिस ने पहले ही अदालत में एक व्यापक आरोप पत्र दाखिल कर दिया था, जिसमें एल्विश यादव और उसके सहयोगियों को नोएडा में एक रेव पार्टी आयोजित करने के लिए आरोपी बनाया गया था. पुलिस को वहां से कथित तौर पर सांप का जहर मिला था. नोएडा के सेक्टर-51 में शेवरॉन बैंक्वेट हॉल के पास से पुलिस ने 2 नवंबर, 2023 को 5 सपेरे पकड़े थे. उनके पास 9 सांप और 20 ML स्नेक वेनम मिला था.
नोएडा पुलिस की 1,200 पेज की चार्जशीट में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, एक फोरेंसिक रिपोर्ट और मामले में 24 गवाहों के बयान शामिल हैं. ईडी की भागीदारी का उद्देश्य मामले की आगे की जांच करना है. वे नोएडा पुलिस से मामले से संबंधित अतिरिक्त जानकारी एकत्र करेंगे और आरोप पत्र में दर्ज सबूतों का उपयोग करेंगे. नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव और दो अन्य आरोपियों के मोबाइल फोन को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब में भेज दिया. इन फोन में कथित तौर पर रेव पार्टियों और सांप के जहर के इस्तेमाल से संबंधित वीडियो और चैट हैं.
सांपों और जहर का इस्तेमाल दिल्ली-NCR में होने वाली रेव पार्टियों में होता था. जांच में पता चला कि ऐसी पार्टियां ऑर्गेनाइज करने में एल्विश यादव भी शामिल है. पुलिस के मुताबिक, एल्विश सीधे सपेरों से बात नहीं करता था. वो अपने दोस्तों से बात करता था. एल्विश यादव को 17 मार्च को मेनका गांधी के नेतृत्व में प्रोटेक्शन फॉर एनिमल्स द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद गिरफ्तार किया गया था. यह भी आरोप लगाया गया कि एल्विश यादव ने सांप के जहर की खरीद में मदद की. जांच से पता चला कि पार्टी में कोबरा और करैत प्रजाति के सांपों के जहर का इस्तेमाल किया गया था.
सवाल-आप क्या काम करते हैं?
उत्तर- मैं वीडियो बनाकर यूट्यूब पर डालाता हूं. इसके अलावा कोई काम नहीं है.
सवाल- आप कहां से और कितना कमाते हैं?
उत्तर- यूट्यूब से मुझे महीने में 35 से 40 लाख रुपये मिलते हैं.
सवाल- आपको कौन सा जानवर पसंद हैं?
उत्तर- जंगली जानवर में हाथी, हिरण और मोर पसंद हैं.
सवाल- आपके ऊपर जो आरोप लगे हैं उसके बारे में क्या कहना है?
उत्तर-मेरे ऊपर जो भी आरोप लगे हैं सब गलत हैं. हां में सांपों के साथ वीडियो बनाता था.
सवाल-राहुल नाम के सपेरे को आप कब से जानते हैं?
उत्तर-मैं किसी राहुल नाम के सपेरे को नहीं जानता.
सवाल- आपको कौन सा सांप पकड़ना छुना और उसे गले में डालना पसंद है?
उत्तर-कोबरा, रैट स्नैक
सवाल- सांप कौन लेकर आया था और पार्टी में कौन-कौन था?
उत्तर-उस समय मेरे दोस्त लोग मौजूद थे और सांप किसने लाया था इसकी जानकारी मुझे नहीं है.