त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास BSF जवानों पर कथित तस्करों और स्थानीय लोगों के एक समूह द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में तीन BSF जवानों के घायल होने की जानकारी है. आरोप है कि हमलावरों ने जवानों से हथियार छीनने की कोशिश की और एक सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया.
यह घटना सोमवार सुबह बॉक्सानगर के अशाबाड़ी इलाके में हुई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आशाबाड़ी बॉर्डर आउटपोस्ट पर तैनात BSF जवानों और स्थानीय लोगों के बीच तस्करी से जुड़े एक मामले को लेकर कहासुनी हो गई थी. यह इलाका BSF की 49वीं बटालियन के अंतर्गत आता है.
बताया जा रहा है कि बहस के दौरान एक BSF जवान ने कथित तौर पर हेफजुर रहमान नाम के व्यक्ति पर लाठी से हमला कर दिया. इसके बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और बॉक्सानगर-रहीमपुर सड़क को जाम कर दिया. इससे इलाके में आवाजाही प्रभावित हुई.
त्रिपुरा के अशाबारी में, तस्करों और उनके परिवार वालों ने BSF जवानों पर हमला किया साथ ही जवानों की बंदूकें छीनने की कोशिश भी की। #TripuraNews #BSF #Ashabari #BSFJawan #IndiaDaily24x7 https://t.co/tgeqEC5b5e
— India Daily 24x7 (@IndiaDaily_24X7) November 3, 2026Also Read
पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्थिति की जानकारी मिलने के बाद रहीमपुर BOP के असिस्टेंट कमांडेंट रोहित कुमार अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे. इसी दौरान भीड़ ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया और उनकी सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की. इसके बाद अतिरिक्त BSF जवानों के मौके पर पहुंचने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई.
घटना के दौरान BSF जवानों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हुई. पुलिस के मुताबिक, असिस्टेंट कमांडेंट रोहित कुमार समेत चार लोग घायल हुए हैं. घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बॉक्सानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. उपचार के बाद वे अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए.
हमले के दौरान घायल BSF जवानों से हथियार छीनने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया है. हालांकि, हथियार छीनने की कोशिश में हमलावर सफल हुए या नहीं, इसे लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है.
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने BSF जवानों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना को गंभीर और अस्वीकार्य बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवानों के खिलाफ इस तरह की हिंसा को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि दोषियों को कानून के दायरे में लाकर न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवान सम्मान और सुरक्षा के हकदार हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है. फिलहाल, घायल BSF जवानों की स्थिति और आरोपियों के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है. पुलिस की जांच के बाद घटना से जुड़े और तथ्य सामने आने की उम्मीद है.