अमेरिका में मिडटर्म चुनाव राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए सिर्फ सीटों की लड़ाई नहीं, बल्कि अगले दो साल की राजनीतिक दिशा तय करने वाला मुकाबला है. अगर उनकी रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ता है तो ट्रंप की कुर्सी तुरंत नहीं जाएगी, लेकिन उनके फैसलों पर सवाल उठाने वाली ताकत बढ़ सकती है. संसद में डेमोक्रेट्स मजबूत हुए तो प्रशासन को कई मोर्चों पर जवाब देना पड़ सकता है.
मिडटर्म चुनाव राष्ट्रपति चुनाव के दो साल बाद होते हैं. इनमें प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की करीब एक तिहाई सीटों पर मतदान होता है. नतीजे तय करते हैं कि संसद के दोनों सदनों में किस पार्टी का दबदबा रहेगा. यही बहुमत राष्ट्रपति के लिए कानून, बजट और प्रशासनिक फैसलों को आगे बढ़ाना आसान या मुश्किल बना सकता है.
अगर डेमोक्रेट्स प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल करते हैं तो संसदीय समितियों का नियंत्रण उनके हाथ में आ सकता है. इन समितियों के जरिए ट्रंप प्रशासन के फैसलों की जांच की जा सकती है. अधिकारियों को पूछताछ के लिए बुलाने, दस्तावेज मांगने और जरूरत पड़ने पर समन जारी करने की शक्ति भी समितियों के पास होगी. इससे ट्रंप को अपने फैसलों पर विपक्ष के सवालों का सामना करना पड़ सकता है.
प्रतिनिधि सभा को राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू करने का अधिकार है. इसके लिए निचले सदन में साधारण बहुमत पर्याप्त होता है. लेकिन महाभियोग लगने से राष्ट्रपति अपने आप पद से नहीं हटते. इसके बाद सीनेट में सुनवाई होती है और दोषी ठहराने तथा पद से हटाने के लिए दो तिहाई वोट जरूरी होते हैं. इसलिए डेमोक्रेट्स की जीत से प्रक्रिया शुरू होने की संभावना बढ़ सकती है, लेकिन ट्रंप की विदाई तय नहीं होगी.
ट्रंप के लिए ईरान के साथ जारी युद्ध भी राजनीतिक चुनौती बन सकता है. डेमोक्रेट्स सैन्य कार्रवाई, युद्ध से जुड़े फैसलों और रक्षा खर्च पर सवाल उठा सकते हैं. अतिरिक्त फंडिंग को लेकर संसद में टकराव बढ़ने की संभावना है. हालांकि, चुनाव में हारते ही युद्ध का पैसा अपने आप बंद नहीं होगा. विदेश नीति और सैन्य कार्रवाई से जुड़े कई अधिकार राष्ट्रपति के पास बने रहेंगे.
मिडटर्म चुनाव के नतीजों का असर ट्रंप से जुड़े कारोबारी हितों पर भी पड़ सकता है. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, डेमोक्रेट्स सरकारी ठेकों और प्रशासन से जुड़े कारोबारों की जांच की मांग उठा सकते हैं. इसमें एलन मस्क की कंपनियां टेस्ला और स्पेसएक्स भी चर्चा में आ सकती हैं. सरकारी खर्च घटाने वाली संस्था DOGE में मस्क की भूमिका पर भी सवाल उठ सकते हैं. हालांकि, अभी किसी जांच में उनकी कंपनियों को दोषी नहीं ठहराया गया है.
चुनाव में हार के बाद भी ट्रंप टैरिफ, व्यापार और विदेश नीति से जुड़े फैसले ले सकेंगे. लेकिन घरेलू नीतियों और बजट पर उन्हें विपक्ष से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है. अगर सीनेट में डेमोक्रेट्स का बहुमत हुआ तो नए अधिकारियों और जजों की नियुक्तियों में भी अड़चन आ सकती है. यानी चुनावी हार ट्रंप को राष्ट्रपति पद से नहीं हटाएगी, लेकिन संसद में विपक्ष मजबूत हुआ तो सरकार चलाना पहले से कठिन हो सकता है.