Haryana Assembly Election: हरियाणा विधासभा चुनाव के बीच चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लिया है. हरियाणा में विधानसभा चुनाव संपन्न होने तक चुनाव आयोग ने चल रही भर्ती प्रक्रिया के परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी है.
आयोग ने कांग्रेस सांसद जयराम रमेश से प्राप्त शिकायत का संज्ञान लिया है, जिसमें हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल के 5600 पदों, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा टीजीटी और पीटीआई के 76 पदों और हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के बारे में बताया गया था.
हरियाणा में 1 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने हैं. सभी 90 सीटों पर एक ही चरण में विधानसभा चुनाव संपन्न कराए जाएंगे. चुनाव का परिणाम 4 अक्टूबर को आएगा. यानी 4 अक्टूबर तक हरियाणा में किसी भी सरकारी नौकरी के लिए कराई गई परीक्षा का परिणाम जारी नहीं किया जाएगा. चुनाव संपन्न होने के बाद ही भर्ती प्रक्रिया का रिजल्ट जारी किया जाएगा.
भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाने के साथ ही चुनाव आयोग ने इस संबंध में राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है. राज्य सरकार से तथ्यों का पता लगाने के बाद और मौजूदा आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के निर्देशों के मद्देनजर, आयोग ने एचएसएससी और एचपीएससी द्वारा चल रही भर्ती प्रक्रिया में एमसीसी का कोई उल्लंघन नहीं पाया है.
चुनाव आयोग ने अपनी जांच में पाया कि भर्ती प्रक्रिया चुनावों की घोषणा से पहले शुरू की गई थी. मौजूदा एमसीसी निर्देशों के भीतर है, जहां वैधानिक अधिकारी अपना काम जारी रख सकते हैं. हालांकि, समान अवसर बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि किसी को कोई अनुचित लाभ न मिले, आयोग ने निर्देश दिया है कि संबंधित अधिकारियों (एचएसएससी और एचपीएससी) द्वारा इन भर्तियों के परिणामों की घोषणा राज्य में विधानसभा चुनाव पूरा होने तक जारी नहीं की जाएगी.