menu-icon
India Daily

अब फ्री में बदले जाएंगे..., E20 एथेनॉल पेट्रोल पर विवाद के बीच गडकरी का बड़ा ऐलान

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि E20 पेट्रोल से प्रभावित होने वाले पुरानी कारों के पार्ट्स सर्विसिंग के दौरान मुफ्त बदले जाएंगे. उन्होंने इंजन खराब होने के दावों को पूरी तरह झूठा बताया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
अब फ्री में बदले जाएंगे..., E20 एथेनॉल पेट्रोल पर विवाद के बीच गडकरी का बड़ा ऐलान
Courtesy: pinterest

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने वाहन मालिकों को एक बड़ी राहत दी है. उन्होंने साफ किया है कि सरकार ने सभी ऑटोमोबाइल कंपनियों को निर्देश जारी किए हैं कि पुरानी कारों की सर्विसिंग के दौरान E20 (20% एथेनॉल ब्लेंडेड) ईंधन से प्रभावित होने वाले कल-पुर्जों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के बदला जाए. गडकरी ने बताया कि पुरानी गाड़ियों में पहले मेटल के वॉशर इस्तेमाल होते थे, जबकि अब रबर के वॉशर्स आते हैं. कंपनियों को इन्हें ग्राहकों के लिए मुफ्त में बदलने के आदेश दिए गए हैं.

 सोशल मीडिया के दावों को बताया मनगढ़ंत

इंटरव्यू के दौरान गडकरी ने सोशल मीडिया पर E20 ईंधन के कारण गाड़ियों के इंजन खराब होने की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि कोई भी ऐसी एक कार दिखाए जिसे इस फ्यूल से नुकसान हुआ हो. उनके अनुसार, इंटरनेट पर फैलाई जा रही ऐसी बातें महज एक झूठे नैरेटिव और सोची-समझी साजिश का हिस्सा हैं.

माइलेज में कमी की बात स्वीकारी

केंद्रीय मंत्री ने यह बात जरूर मानी कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से गाड़ी के माइलेज पर थोड़ा असर पड़ता है. इसका वैज्ञानिक कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल की तुलना में एथेनॉल की कैलोरिफिक वैल्यू कम होती है. हालांकि, माइलेज में यह अंतर शहरों की भारी ट्रैफिक और कम गियर में ड्राइविंग जैसी स्थितियों पर भी काफी हद तक निर्भर करता है.

फ्लेक्स फ्यूल इंजन ही है भविष्य

ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए गडकरी ने कहा कि विशेष रूप से तैयार 'फ्लेक्स फ्यूल' इंजन वाली गाड़ियों में माइलेज की कोई समस्या नहीं है. वर्तमान में देश की करीब एक दर्जन कार कंपनियां फ्लेक्स फ्यूल मॉडल्स विकसित करने में जुटी हैं. सरकार का लक्ष्य जनता को किफायती ईंधन का विकल्प देना है, क्योंकि एथेनॉल की कीमत लगभग 75 रुपये प्रति लीटर है.