Delhi Israel Embassy Blast case police found letter: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इजराइली दूतावास के पास मंगलवार शाम को धमाका हुआ. जांच पड़ताल के लिए दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची. जांच के दौरान टीम को धमाके वाली जगह से थोड़ी दूर एक चिट्ठी मिली, जो टाइप की गई थी. अंग्रेजी में टाइप की गई चिट्ठी में भारत में इजराइल के राजदूत को संबोधित करते हुए गाजा में इजराइली कार्रवाई का जिक्र किया गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्लास्ट वाली जगह से थोड़ी दूर मिली चिट्ठी में इजराइल के खिलाफ गुस्से का इजहार किया गया है. साथ ही इजराइली कार्रवाई के खिलाफ बदला लेने की बात लिखी गई है. फिलहाल, ये जानकारी नहीं मिल पाई है कि ये चिट्ठी किसने लिखी है? क्या इस चिट्ठी का धमाके से वाकई कोई संबंध है? चिट्ठी को जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेजा गया है. दिल्ली में मौजूद इजराइली एंबेसी के डिप्टी चीफ ओहद नकाश कयनार के मुताबिक, सभी राजनयिक और कर्मचारी सेफ हैं.
Delhi Fire Service received a call of a blast near the Israel Embassy in the Chanakyapuri area this evening.
— ANI (@ANI) December 26, 2023
"So far nothing has been found at the location," says Atul Garg, Director, Delhi Fire Services pic.twitter.com/Ipd23kciBS
इजराइली दूतावास के पास मंगलवार शाम करीब 5 बजकर 10 मिनट पर धमाका हुआ. करीब 50 मिनट बाद एक शख्स ने फोन कर धमाके के बारे में जानकारी दी. सूचना के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम जांच पड़ताल के लिए मौके पर पहुंची. जांच के दौरान टीम को ब्लास्ट के अवशेष नहीं मिले. विस्फोटक को किस ऑब्जेक्ट (पात्र) में रखकर धमाका किया गया था, ये जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है, इसलिए केमिकल ब्लास्ट की संभावना जताई जा रही है. जांच में जुटी टीम के मुताबिक, ये भी जानकारी नहीं मिल पाई है कि आखिर ब्लास्ट के बाद पुलिस को जानकारी देने वाला शख्स कौन था.
#WATCH | Delhi Police Crime Unit team and forensics team near the Israel Embassy in Delhi to hold a probe after a call was received about a blast today evening pic.twitter.com/nJjDlIWZsF
— ANI (@ANI) December 26, 2023
गाजा में हमास के खिलाफ कार्रवाई के बाद लगातार इजराइल को धमकियां मिल रही हैं. फिलिस्तीन समर्थक कई देशों ने इजराइल के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है. मंगलवार को दिल्ली के चाणक्यपुरी में इजराइली दूतावास के पास ब्लास्ट के बाद दिल्ली समेत अन्य देशों में इजराइल के दूतावासों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बता दें कि इससे पहले भी इजराइली दूतावास के पास 2021 में धमाका हुआ था, जिसमें कुछ गाड़ियों को नुकसान पहुंचा था. इससे पहले 2012 में भी एक धमाका हुआ था, जिसमें एक इजराइली राजनयिक की पत्नी घायल हुई थी.