पटना: बिहार के मुजफ्फरपुर में बदमाशों ने बीजेपी सांसद की बहन पर हमला हुआ है. बदमाशों ने बीजेपी सांसद अजय निषाद के बहन और बहनोई के घर पर बमबाजी कर दहशत फैला दिया है. घटना काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के पंखाटोली मोहल्ले की है. बमबाजी में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है. मंजू साहनी प्रोफेसर हैं. खुलेआम इस तरह की घटना के बाद पुलिस और आम लोग सभी हैरत में हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में छानबीन कर रही है.
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मंजू सहनी घर में अकेली थीं. रात में पति सियालाल सहनी घर पहुंचे तब पत्नी ने जानकारी दी.पहले उन्होंने इस घटना को हल्के में लिया. लेकिन मंगलवार को सांसद के परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. घटना के बारे में बीजेपी सांसद अजय निषाद की बड़ी बहन मंजू सहनी ने बताया की सोमवार की रात जोरदार धमाका हुआ. उन्होंने बताया कि किसी से उनकी दुश्मनी नहीं है. शाम को पूजा कर रहे थे तभी बाहर जोरदार धमाका हुआ.आवाज सुनकर लोग बाहर आ गए. किसने यह बम फेंका उसके बारे में कोई जानकारी नही है. घर के दीवार पर बम के निशान हैं.
इधर काजी मोहम्मदपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि पुलिस गंभीरता के साथ घटना की जांच कर रही है.परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है. आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है.