menu-icon
India Daily

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में नई मास्टरमाइंड का खुलासा, CBI ने पुणे से बायोलॉजी की प्रोफेसर को किया गिरफ्तार

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में नई मास्टरमाइंड का खुलासा हुआ है. CBI ने पुणे से एक बायोलॉजी लेक्चरर को गिरफ्तार किया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में नई मास्टरमाइंड का खुलासा, CBI ने पुणे से बायोलॉजी की प्रोफेसर को किया गिरफ्तार
Courtesy: Symbolic Image

मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 के पेपर लीक मामले में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. CBI ने इस बड़े घोटाले की गुत्थी सुलझाते हुए शनिवार को पुणे से एक बायोलॉजी लेक्चरर को गिरफ्तार किया है. हैरान करने वाली बात यह है कि यह आरोपी शिक्षिका खुद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की उस अहम कमेटी का हिस्सा थी, जिस पर परीक्षा का प्रश्न पत्र तैयार करने की जिम्मेदारी थी.

कौन है ये नई मास्टरमाइंड?

इस नई मास्टरमाइंड की पहचान मनीषा मंधारे के रूप में हुई है. वह पुणे के प्रतिष्ठित मॉडर्न कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स में बॉटनी की प्रोफेसर हैं. संस्थान से जुड़े सूत्रों के अनुसार, मनीषा पिछले 5-6 सालों से NTA के साथ एक विशेषज्ञ के तौर पर जुड़ी हुई थी. इस साल 3 मई को हुई NEET परीक्षा के लिए भी उन्होंने बॉटनी और जूलॉजी के प्रश्न तैयार करने में मदद की थी.

लाखों रूपये में बेचा पेपर

जांच एजेंसी के दावों के अनुसार, पेपर सेट करने वाली टीम का हिस्सा होने के कारण प्रोफेसर मंधारे की बॉटनी और जूलॉजी के सवालों तक पूरी पहुंच थी. इसका गलत फायदा उठाते हुए उन्होंने अप्रैल 2026 में पुणे में कुछ सीक्रेट कोचिंग क्लासेज आयोजित की. इन खुफिया क्लासेज में कुछ चुनिंदा परीक्षार्थियों को बुलाया गया था. यहां मंधारे ने खुद लीक हुए सवाल और उनके जवाब छात्रों को बोल-बोलकर लिखवाए. इस गैरकानूनी काम के एवज में उन्होंने छात्रों से लाखों रुपये की मोटी फीस वसूली. जब 3 मई को परीक्षा आयोजित हुई, तो पेपर में हूबहू वही सवाल आए थे.

पूछताछ में खुला राज

CBI ने बताया कि एजेंसी ने मामले के मुख्य कथित सरगना और रिटायर्ड केमिस्ट्री प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया था. कुलकर्णी और इस मामले में पकड़े गए अन्य आरोपियों से हुई गहन पूछताछ के बाद ही मनीषा मंधारे की भूमिका का भंडाफोड़ हुआ.