menu-icon
India Daily

दीया मिर्जा के पटाखा विरोधी वीडियो पर बवाल, BMC के फैसले ने बढ़ाई हलचल; BJP ने जताई आपत्ति

BMC ने बीजेपी नेता अमित साटम की आपत्ति के बाद अभिनेत्री दीया मिर्जा का पटाखा विरोधी वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
दीया मिर्जा के पटाखा विरोधी वीडियो पर बवाल, BMC के फैसले ने बढ़ाई हलचल; BJP ने जताई आपत्ति
Courtesy: Pinterest

मुंबई में पटाखों के इस्तेमाल और प्रदूषण को लेकर चल रही बहस के बीच अभिनेत्री दीया मिर्जा का एक वीडियो विवादों में आ गया है. बृहन्मुंबई नगर निगम यानी BMC ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से दीया मिर्जा का पटाखा विरोधी वीडियो हटा दिया है. यह कदम मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम की आपत्ति के बाद उठाया गया. हालांकि, BMC के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और मराठी अभिनेत्री निशिगंधा वाड जैसे अन्य सेलिब्रिटीज के पटाखा विरोधी संदेश अभी भी मौजूद हैं.

दरअसल, BMC ने दिवाली के दौरान पटाखों से होने वाले वायु और ध्वनि प्रदूषण को लेकर जागरूकता अभियान शुरू किया था. इस अभियान के तहत कई मशहूर हस्तियों से वीडियो संदेश रिकॉर्ड करवाए गए थे. दीया मिर्जा ने अपने संदेश में लोगों से पटाखे नहीं जलाने और ध्वनि प्रदूषण को बढ़ाने से बचने की अपील की थी.

बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने जताई आपत्ति 

दीया मिर्जा के इस वीडियो पर मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने आपत्ति जताई. उन्होंने BMC को टैग करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि लोगों को दिवाली मनाने का तरीका सिखाने की जरूरत नहीं है और भारतीय परंपराएं संस्कृति से गहराई से जुड़ी हुई हैं. इसके बाद BMC ने दीया मिर्जा का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया. हालांकि, वीडियो हटाने को लेकर BMC की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया.

BMC ने यह अभियान बॉम्बे हाईकोर्ट की टिप्पणियों के बाद शुरू किया था. कोर्ट ने बढ़ते वायु प्रदूषण और त्योहारों के दौरान पटाखों के इस्तेमाल को नियंत्रित करने में नगर निकाय की भूमिका पर सवाल उठाए थे. कोर्ट ने सार्वजनिक सड़कों, पार्कों और कॉमन एरिया में पटाखे फोड़ने पर पूरी तरह रोक लगाने की बात कही थी. साथ ही लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए सेलिब्रिटीज की मदद लेने का सुझाव दिया था.

जागरूकता संदेश देने की अपील 

इसी अभियान के तहत BMC ने कई कलाकारों और सार्वजनिक हस्तियों से बिना किसी शुल्क के जागरूकता संदेश देने की अपील की थी. यह पहली बार था जब मुंबई में प्रदूषण को लेकर BMC ने इस तरह बड़े स्तर पर सेलिब्रिटीज को अभियान से जोड़ा था. दीया मिर्जा का वीडियो भी इसी अभियान का हिस्सा था.

वीडियो हटाए जाने के बाद कुछ दक्षिणपंथी सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी इसकी आलोचना हुई. शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने कहा कि दिवाली रोशनी का त्योहार है और लोगों को अपनी सांस्कृतिक पहचान को समझना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि कोई प्रदूषण या पटाखों के अत्यधिक इस्तेमाल का समर्थन नहीं कर रहा है, लेकिन लोगों को अपनी परंपराओं को लेकर किसी बाहरी व्यक्ति से सीख लेने की जरूरत नहीं है.

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने जताई आपत्ति 

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने भी दीया मिर्जा के संदेश पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि हर धर्म को अपने त्योहार मनाने का संवैधानिक अधिकार है. साथ ही उन्होंने यह भी माना कि अत्यधिक प्रदूषण को लेकर चिंता जरूरी है. इस पूरे विवाद ने एक बार फिर दिवाली की परंपराओं, पटाखों और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन को लेकर बहस तेज कर दी है.