नई दिल्ली: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें BRICS समिट में शामिल होने के बाद रविवार को भारत से चीन के लिए रवाना हो गए. 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित BRICS समिट में शामिल होने के लिए जिनपिंग करीब सात साल बाद भारत आए थे. समिट के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई नेताओं के साथ कार्यक्रमों में हिस्सा लिया.
शी जिनपिंग शनिवार दोपहर एयर चाइना की फ्लाइट से नई दिल्ली पहुंचे थे. उनके साथ एक हाईलेवल प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था. एयरपोर्ट से वह कड़ी सुरक्षा के बीच आर्मर्ड होंगछी कार से भारत मंडपम पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया. इसके बाद दोनों नेताओं के बीच BRICS समिट से अलग करीब 45 मिनट तक द्विपक्षीय बैठक हुई. इस बातचीत को भारत-चीन संबंधों के लिहाज से काफी अहम माना गया.
बैठक में दोनों देशों के रिश्तों को आगे बढ़ाने और आपसी सहयोग मजबूत करने पर चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने संस्थागत संपर्क बढ़ाने, व्यापारिक रिश्तों को बेहतर करने और सीधी उड़ानें फिर शुरू करने जैसे मुद्दों पर बात की. व्यापार घाटे को कम करने से जुड़े विषय पर भी चर्चा हुई.
PM मोदी ने कहा कि भारत-चीन संबंध आपसी सम्मान, आपसी संवेदनशीलता और आपसी हित के आधार पर आगे बढ़ने चाहिए. दोनों नेताओं ने यह भी माना कि मतभेदों को विवाद में बदलने से बचना जरूरी है और सीमा पर शांति बनाए रखना दोनों देशों के हित में है.
BRICS नेताओं के लिए प्रधानमंत्री मोदी की ओर से शनिवार शाम आयोजित गाला डिनर में कई राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए. हालांकि, शी जिनपिंग इसमें शामिल नहीं हुए. बताया गया कि व्यस्त कार्यक्रम के बाद वह आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे.
वहीं, रविवार को BRICS समिट के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओपन सेशन को संबोधित किया. इस दौरान समावेशी वैश्विक विकास और ग्लोबल साउथ की आवाज मजबूत करने पर जोर दिया गया. कार्यक्रम के दौरान शी जिनपिंग PM मोदी और अन्य BRICS नेताओं के साथ फैमिली फोटो में भी नजर आए. समिट से जुड़े अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद शी जिनपिंग अब भारत से चीन के लिए रवाना हो गए हैं.