menu-icon
India Daily

पश्चिम बंगाल में हुए SIR से 10 लाख नाम कटे! आज शाम जारी होगी पहली सप्लीमेंट्री लिस्ट, सुरक्षा व्यवस्था टाइट

पश्चिम बंगाल में आज शाम SIR की पहली पूरक मतदाता सूची जारी होगी. इसमें लगभग 10 लाख लोगों के नाम काटे गए हैं. राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस संवेदनशील इलाकों में सतर्क है. अपील का रास्ता भी खुला रहेगा.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
पश्चिम बंगाल में हुए SIR से 10 लाख नाम कटे! आज शाम जारी होगी पहली सप्लीमेंट्री लिस्ट, सुरक्षा व्यवस्था टाइट
Courtesy: ani

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विशेष गहन सत्यापन (SIR) की प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है. आज शाम मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय से SIR की पहली पूरक सूची जारी होने वाली है. सूत्रों के अनुसार इस सूची में करीब 10 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं.

राज्य सरकार और चुनाव आयोग दोनों ही इस घटनाक्रम को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं. संवेदनशील जिलों में पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिए हैं ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने. यह सूची मतदाताओं के बीच काफी चर्चा का विषय बनी हुई है और कई लोग अपनी स्थिति जानने के लिए बेचैन हैं. 

10 लाख नाम कटने का आधार

SIR के दौरान कुल 60 लाख मामलों की जांच हुई. इनमें से पिछले शुक्रवार तक 27 लाख 30 हजार मामलों का फैसला हो चुका था. इन्हीं निपटारे के आधार पर पहली पूरक सूची तैयार की गई है. मुख्य रूप से वे नाम काटे गए हैं जहां दावे या आपत्तियों पर पर्याप्त प्रमाण नहीं मिले. सूत्र बताते हैं कि यह संख्या लगभग 10 लाख के आसपास पहुंच गई है. नाम कटने वाले मतदाताओं को अब अपील का मौका मिलेगा.

सूची कहां और कैसे उपलब्ध होगी

सूची को लेकर पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है. जिला चुनाव अधिकारियों ने हार्ड कॉपी संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंचा दी है, जहां इसे बोर्ड पर चस्पा किया जाएगा. साथ ही चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और बंगाल मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय की साइट पर ऑनलाइन भी सूची देखी जा सकेगी. सूची में दो हिस्से होंगे – एक जहां नाम जोड़े गए हैं और दूसरा जहां नाम हटाए गए हैं. नाम कटने वालों को ऑनलाइन या ऑफलाइन अपीलीय न्यायाधिकरण में अपील करने का अधिकार है.

सुरक्षा व्यवस्था में कड़ी सतर्कता

राज्य प्रशासन ने आज के दिन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. पुलिस ने संवेदनशील थानों और इलाकों में विशेष निगरानी बढ़ा दी है. उग्र भीड़ या किसी तरह की अफवाह फैलने से रोकने के लिए अतिरिक्त जवान तैनात हैं. चुनाव आयोग के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रविवार से थानों का दौरा कर रहे हैं और थाना प्रभारियों को निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दे रहे हैं.

केंद्रीय बलों की तैनाती तेज

चुनाव आयोग ने बंगाल में स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती बढ़ा दी है. सूत्रों के मुताबिक 31 मार्च तक राज्य में अतिरिक्त 300 कंपनियां पहुंच जाएंगी. ये बल SIR प्रक्रिया के दौरान और आगे मतदान के समय सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे. पहले से मौजूद बलों के साथ मिलकर ये व्यवस्था को और मजबूत बनाएंगे.