Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर तेज हो गया है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 27 जुलाई के आसपास कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. सोमवार को भी कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी. खासकर गुजरात, राजस्थान, गोवा, महाराष्ट्र और पश्चिमी तट के इलाकों में ज्यादा बारिश का अलर्ट है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है, जबकि निचले इलाकों में पानी भर सकता है.
उत्तर भारत के राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है. दिल्ली-एनसीआर में बारिश से तापमान कम होगा और लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों पर भारी बारिश जारी रह सकती है.
गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. खासकर गुजरात, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में बहुत भारी बारिश हो सकती है. गोवा में येलो अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में महीने के अंत तक बारिश थोड़ी कम रह सकती है, लेकिन अचानक तेज बारिश के दौर आ सकते हैं. किसानों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी यूपी जैसे मेरठ, नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. लोगों को बिजली गिरने और जलभराव से सावधान रहने को कहा गया है. बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और उमस कम होगी.
राजस्थान के जयपुर, कोटा, उदयपुर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर तेज बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर में मौसम ज्यादातर सूखा रहेगा, लेकिन हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी हल्की से मध्यम बारिश होगी. कुछ जगहों पर तेज बारिश का अलर्ट है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम में बेवजह बाहर न निकलें और तेज हवा या बिजली गिरने के समय सुरक्षित जगह पर रहें.