menu-icon
India Daily

AUS VS ZIM: 1 गेंद बाकी थी, 1 विकेट हाथ में था... ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे को हराकर 3-0 से किया क्लीन स्वीप

ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे को तीसरे वनडे में एक विकेट से हराकर सीरीज 3-0 से जीत ली. जोश इंग्लिस के शतक के बाद आखिरी विकेट की साझेदारी ने मैच को बेहद रोमांचक बना दिया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
AUS VS ZIM: 1 गेंद बाकी थी, 1 विकेट हाथ में था... ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे को हराकर 3-0 से किया क्लीन स्वीप
Courtesy: X

जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने ऐसी जीत दर्ज की, जिसमें आखिरी गेंद तक रोमांच बना रहा. 272 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 9 विकेट खो दिए थे लेकिन जोश इंग्लिस के शतक और आखिरी बल्लेबाजों के संघर्ष से टीम ने एक गेंद पहले मुकाबला जीत लिया.

जोश इंग्लिस और कैरी ने संभाली पारी

272 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही. मिचेल मार्श 8 और ट्रेविस हेड 6 रन बनाकर ब्रैड इवांस का शिकार बने. इसके बाद जोश इंग्लिस और कूपर कोनोली ने 52 रन जोड़े. कोनोली 21 रन पर ग्रीम क्रीमर की गेंद पर बोल्ड हुए. फिर इंग्लिस ने एलेक्स कैरी के साथ 85 रन की साझेदारी की. कैरी ने 34 रन बनाए लेकिन इवांस ने उनकी पारी खत्म कर दी. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बढ़ने लगा.

ऑस्ट्रेलियाई मिडिल ऑर्डर बिखरा

162 रन पर तीन विकेट के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 206 रन पर सात विकेट हो गया. जिम्बाब्वे की गेंदबाजी ने मैच पूरी तरह पलट दिया लेकिन इंग्लिस एक छोर पर टिके रहे. उन्होंने 102 गेंदों पर 103 रन बनाए और अपनी पारी में एक भी छक्का नहीं लगाया. सिकंदर रजा ने 42वें ओवर में उन्हें आउट किया तो ऑस्ट्रेलिया को 45 रन और चाहिए थे. 245 रन पर नौवां विकेट गिरने के बाद जिम्बाब्वे जीत से सिर्फ एक विकेट दूर था.

आखिरी विकेट ने बदल दिया पूरा मैच

नेथन एलिस ने 36 रन की अहम पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया की उम्मीद बनाए रखी और स्पेंसर जॉनसन ने उनका साथ दिया. जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 271 रन बनाए थे. सिकंदर रजा ने 81, क्रेग एर्विन ने 59 और इनोसेंट काइया ने 55 रन बनाए। ब्रैड इवांस ने चार विकेट लिए. वहीं क्रीमर और रजा को दो-दो सफलता मिली. इसके बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी विकेट बचाकर 1 गेंद पहले लक्ष्य हासिल किया और तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली.