तमिलनाडु के मदुरै में सोने की चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. यहां महज 15 दिन पहले खुले तनिष्क के शोरूम को चोरों ने निशाना बनाया और करीब 20 किलो सोने के गहने लेकर फरार हो गए. चोरी की इस घटना ने पुलिस और शोरूम प्रबंधन को हैरान कर दिया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन नकाबपोश चोरों ने शोरूम में घुसकर करोड़ों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया. हालांकि, चोरी हुए गहनों की वास्तविक कीमत का अभी खुलासा नहीं हुआ है.
यह घटना मदुरै बाइपास रोड स्थित तनिष्क शोरूम की है. गुरुवार सुबह जब कर्मचारी शोरूम खोलने पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की. शुरुआती जांच में सामने आया कि चोरों ने शोरूम के पीछे की दीवार और दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया था. बताया जा रहा है कि लिफ्ट शाफ्ट के लिए बनाई गई खुली दीवार का इस्तेमाल चोरों ने शोरूम में घुसने के लिए किया.
पुलिस को शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से अहम सुराग मिले हैं. फुटेज में तीन लोगों के चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है. चोरों ने बेहद शातिर तरीके से इस पूरी घटना को अंजाम दिया और कीमती गहने लेकर मौके से फरार हो गए. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके.
मदुरै शहर के पुलिस कमिश्नर एस. राजेंद्रन, दक्षिण क्षेत्र के डिप्टी पुलिस कमिश्नर ए.जी. इनिगो दिव्यन और ट्रैफिक पुलिस डिप्टी कमिश्नर एस. वनिता ने घटनास्थल का दौरा किया. पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, तीन लोग दीवार और दरवाजा तोड़कर शोरूम के अंदर दाखिल हुए थे. वे वहां रखे लगभग 30 प्रतिशत सामान को चुराकर ले गए. चोरी हुए गहनों की सही कीमत शोरूम प्रबंधन की शिकायत और विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चोरों ने शोरूम में डिस्प्ले के लिए रखे गहनों को ही निशाना बनाया. राहत की बात यह रही कि लॉकर में सुरक्षित रखे बाकी गहने चोरी होने से बच गए. पुलिस खोजी कुत्तों की मदद से भी आरोपियों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है. आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन सहायक पुलिस आयुक्तों (एसीपी) के नेतृत्व में विशेष टीमें बनाई गई हैं. प्रत्येक टीम में तीन पुलिस निरीक्षक शामिल किए गए हैं. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है. फिलहाल चोरी हुए गहनों की कीमत और आरोपियों के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है.