menu-icon
India Daily

और महंगे होंगे लोन, दिसंबर में फिर से रेपो रेट बढ़ा सकता है RBI

SBI रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, RBI दिसंबर में रेपो रेट 0.25 प्रतिशत बढ़ा सकता है. इससे होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन की EMI प्रभावित हो सकती है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
और महंगे होंगे लोन, दिसंबर में फिर से रेपो रेट बढ़ा सकता है RBI
Courtesy: X

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) दिसंबर में एक बार फिर रेपो रेट बढ़ाने का फैसला कर सकता है. हालांकि, इस बार ब्याज दरों में 50 बेसिस पॉइंट के बजाय 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी होने की संभावना है. SBI रिसर्च की ताजा रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया गया है. अगर ऐसा होता है तो बैंकों की लोन ब्याज दरों में बदलाव हो सकता है, जिसका सीधा असर आपकी EMI पर पड़ सकता है.

SBI रिसर्च ने बदला अपना अनुमान

SBI रिसर्च ने पहले दिसंबर में रेपो रेट में 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी का अनुमान लगाया था. अब इसे घटाकर 25 बेसिस पॉइंट कर दिया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, महंगाई, रुपये की स्थिति और वैश्विक आर्थिक दबाव में कुछ राहत मिलने से बड़ी बढ़ोतरी की आशंका कम हुई है.

6% के पार पहुंची खुदरा महंगाई

अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई. नई सीरीज में यह पहली बार है, जब महंगाई RBI की 6 प्रतिशत की ऊपरी सीमा से आगे निकली है. रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर में भी महंगाई 6 प्रतिशत से ऊपर रह सकती है, लेकिन इसके बाद इसमें गिरावट आने की उम्मीद है.

रुपये और कच्चे तेल से मिल सकती है राहत

SBI रिसर्च के अनुसार, रुपये में उतार-चढ़ाव कम करने के RBI के प्रयासों का असर दिख रहा है. विदेशी निवेश का प्रवाह भी बेहतर हुआ है. 6 नवंबर के बाद से भारत में करीब 7.65 अरब डॉलर का विदेशी निवेश आया है. इसके अलावा अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने तथा कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भी भारत को राहत मिल सकती है. अमेरिकी चुनाव के बाद से कच्चे तेल की कीमतों में करीब 11 प्रतिशत गिरावट आई है.

5.75% तक रह सकता है अंतिम रेपो रेट

SBI रिसर्च का अनुमान है कि रेपो रेट का अंतिम स्तर 6 प्रतिशत रह सकता है. हालांकि, इसके 5.75 प्रतिशत तक आने की भी 50 प्रतिशत संभावना जताई गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी में एक और बढ़ोतरी जरूरी नहीं दिखती. दिसंबर के बाद RBI के फैसले महंगाई समेत आर्थिक आंकड़ों पर निर्भर करेंगे.

अमेरिकी और भारतीय बॉन्ड यील्ड पर भी अनुमान

रिपोर्ट में अमेरिकी 10 साल की बॉन्ड यील्ड के बढ़कर 4.75 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है. वहीं, भारत की 10 साल की बॉन्ड यील्ड 6.75 से 7 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है. हालांकि, इसमें गिरावट का रुख रहने की उम्मीद है. SBI रिसर्च के मुताबिक, लगातार तीन से चार बार ब्याज दरें बढ़ने की आशंका अब कम हो गई है.

आपकी EMI पर क्या होगा असर?

अगर RBI रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी करता है, तो रेपो से जुड़ी ब्याज दरों वाले होम लोन और अन्य कर्ज महंगे हो सकते हैं. इससे EMI बढ़ सकती है या लोन चुकाने की अवधि लंबी हो सकती है. हालांकि, वास्तविक असर बैंक की ब्याज दरों और आपके लोन की शर्तों पर निर्भर करेगा.