menu-icon
India Daily

अरविंद केजरीवाल ने किया गोवा विधानसभा चुनाव में GFP से गठबंधन का ऐलान, 'Goa First' नाम से साथ लड़ेंगे चुनाव

आम आदमी पार्टी और विजय सरदेसाई की गोवा फॉरवर्ड पार्टी ने 2027 गोवा विधानसभा चुनाव के लिए 'Goa First' गठबंधन का ऐलान किया है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
अरविंद केजरीवाल ने किया गोवा विधानसभा चुनाव में GFP से गठबंधन का ऐलान, 'Goa First' नाम से साथ लड़ेंगे चुनाव
Courtesy: @AamAadmiParty

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को एक बड़ा ऐलान किया. उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी 2027 के गोवा विधानसभा चुनाव में विजय सरदेसाई की गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी. दोनों दलों के इस नए गठबंधन को 'Goa First' नाम दिया गया है.

बीजेपी को सत्ता से बाहर करने का लक्ष्य

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस गठबंधन का मुख्य उद्देश्य राज्य से भारतीय जनता पार्टी (BJP) को सत्ता से बाहर करना है. उन्होंने दावा किया कि गोवा की जनता बदलाव चाहती है और 'Goa First' उनके लिए एक मजबूत और बेहतर विकल्प साबित होगा.

बीजेपी और कांग्रेस की मिलीभगत का आरोप

केजरीवाल ने बीजेपी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए दोनों दलों के बीच अंदरूनी सांठगांठ का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 2017 और 2022 के चुनावों में जनता का जनादेश बीजेपी के खिलाफ था. इसके बावजूद कांग्रेस ने अपने विधायकों और समर्थन के जरिए बीजेपी को सरकार बनाने और सत्ता में बनाए रखने में मदद की.

जनता को तीसरा विकल्प देने की कोशिश

केजरीवाल ने कहा कि गोवा की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है. अब तक लोगों के पास कोई मजबूत विकल्प नहीं था, लेकिन 'Goa First' गठबंधन के रूप में एक नया रास्ता तैयार हुआ है. जो लोग बीजेपी और कांग्रेस दोनों को हराना चाहते हैं, वे इस गठबंधन पर भरोसा जता सकते हैं.