menu-icon
India Daily

क्या पथरी निकालने के लिए आप भी गटक रहे हैं बीयर? किडनी स्टोन नहीं इस बीमारी को दे रहे न्यौता

किडनी स्टोन को लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया जाता है कि बीयर पीने से पथरी जल्दी निकल जाती है. लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि यह सिर्फ एक मिथक है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक ज्यादा बीयर पीना शरीर में डिहाइड्रेशन और यूरिक एसिड बढ़ाकर पथरी का खतरा और बढ़ा सकता है.

babli
Edited By: Babli Rautela
क्या पथरी निकालने के लिए आप भी गटक रहे हैं बीयर? किडनी स्टोन नहीं इस बीमारी को दे रहे न्यौता
Courtesy: Social Media

आजकल सोशल मीडिया पर किडनी स्टोन को लेकर कई तरह के घरेलू उपाय वायरल होते रहते हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा उस दावे की होती है जिसमें कहा जाता है कि बीयर पीने से किडनी की पथरी जल्दी निकल जाती है. कई लोग दोस्तों और रिश्तेदारों के अनुभव सुनकर इस बात को सच मान लेते हैं और बिना डॉक्टर की सलाह के बीयर पीना शुरू कर देते हैं. लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि यह सोच पूरी तरह गलत और नुकसानदायक हो सकती है. डॉक्टरों के मुताबिक बीयर किडनी स्टोन का इलाज नहीं है बल्कि कई मामलों में यह समस्या को और बढ़ा सकती है.

बीयर नहीं करती किडनी स्टोन का इलाज?

सह्याद्रि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट का कहना है कि बीयर पीने से किडनी स्टोन का खतरा कम नहीं होता. उनके अनुसार शराब शरीर में डिहाइड्रेशन बढ़ाती है और यही चीज लंबे समय में पथरी बनने की संभावना को ज्यादा बढ़ा सकती है. डॉक्टर बताते हैं कि कई लोगों को लगता है कि बीयर एक लिक्विड ड्रिंक है इसलिए यह शरीर को हाइड्रेट रखेगी, लेकिन असलियत इससे बिल्कुल अलग है.

शरीर में पानी की कमी बढ़ाती है बीयर

डॉक्टरों के अनुसार अल्कोहल शरीर में डाइयूरेटिक की तरह काम करता है. यानी यह बार बार पेशाब के जरिए शरीर से ज्यादा पानी बाहर निकालता है. ऐसे में अगर कोई व्यक्ति पर्याप्त पानी नहीं पी रहा और सिर्फ बीयर पर भरोसा कर रहा है, तो उसके शरीर में पानी की कमी हो सकती है. यही डिहाइड्रेशन बाद में किडनी स्टोन बनने की वजह बनता है. डॉक्टरों के मुताबिक जब शरीर में पानी कम हो जाता है तो पेशाब में मौजूद मिनरल्स ज्यादा गाढ़े हो जाते हैं. धीरे धीरे यही मिनरल्स जमा होकर पथरी का रूप ले सकते हैं. यानी जिस चीज को लोग इलाज समझ रहे होते हैं, वही कई बार बीमारी को और गंभीर बना सकती है. 

यूरिक एसिड और वजन बढ़ने का खतरा

डॉक्टरों ने यह भी चेतावनी दी है कि ज्यादा बीयर पीने से शरीर में यूरिक एसिड का स्तर बढ़ सकता है. हाई यूरिक एसिड यूरिक एसिड स्टोन बनने की एक बड़ी वजह माना जाता है. इसके अलावा लगातार बीयर पीने से वजन बढ़ने और मेटाबॉलिक सिंड्रोम का खतरा भी बढ़ जाता है. मोटापा और खराब मेटाबॉलिज्म भी किडनी स्टोन की समस्या को बढ़ाने वाले अहम कारण माने जाते हैं.