बस्तर: छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में सोमवार सुबह एक दुखद सड़क हादसा हो गया. नेशनल हाईवे 30 पर एक यात्री बस बेकाबू होकर पलट गई. इस हादसे में एक महिला टीचर की जान चली गई, जबकि 10 से 15 यात्रियों के घायल होने की खबर है. हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई.
रिपोर्ट्स के मुताबिक रॉयल ट्रैवल्स की एक यात्री बस रायपुर से सुकमा जिले के कोंटा जा रही थी. बस में कुल 34 यात्री सवार थे. सुबह तड़के जब बस बस्तर इलाके में बलेंगा कोसा सेंटर के पास पहुंची तो ड्राइवर का गाड़ी पर से कंट्रोल हट गया, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई. जैसे ही बस पलटी यात्रियों के बीच चीख-पुकार और रोने-चिल्लाने की आवाजें गूंज उठीं. कई लोग बस के अंदर ही फंस गए थे.
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को हादसे की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया. हादसे में घायल यात्रियों को तुरंत 108 एंबुलेंस और निजी गाड़ियों से डिमरापाल अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल उनका वहीं इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक घायल यात्रियों की हालत अभी खतरे से बाहर बताई जा रही है.
इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान पद्मिनी चंद्रवंशी के रूप में हुई है. वह कवर्धा की रहने वाली थीं और सुकमा जिले के दोरनापाल में टीचर के तौर पर काम करती थीं. बताया जा रहा है कि बस पलटने के दौरान वह गाड़ी के नीचे दब गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. परिवार वालों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है. पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार वालों की मौजूदगी में शव उन्हें सौंप दिया जाएगा.
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बस्तर दौरा भी आज से ही शुरू हो रहा है. उनके दौरे से ठीक पहले हुए इस बड़े सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बस हादसा ड्राइवर की लापरवाही से हुआ या किसी तकनीकी खराबी के कारण.