नई दिल्ली: फिल्म KD: The Devil के हिंदी गाने को लेकर उठे विवाद ने तूल पकड़ लिया. इस गाने में नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आए थे, जबकि मंगली ने इस गाने को अपनी आवाज दी थी.
गीत के बोलों को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद इसे सभी प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया. अब इस मामले पर कलाकारों ने सामने आकर अपनी बात रखी है.
गायिका मंगली ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए अपनी गलती स्वीकार की. उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए गाना हटा लिया गया है. मंगली ने साफ किया कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था. उन्होंने इसे एक अनजानी चूक बताया और सभी से दिल से माफी मांगी.
मंगली ने यह भी बताया कि गाने के बोलों में जरूरी बदलाव कर दिए गए हैं. नया और अपडेटेड वर्जन जल्द रिलीज किया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा नहीं आएगी. और साथ ही उन्होंने म्यूजिक डायरेक्टर और फिल्म टीम का सहयोग के लिए धन्यवाद किया.
नोरा फतेही ने एक वीडियो शेयर करके कहा कि गाने के हिंदी लिरिक्स 'अश्लील' और 'अनुचित' हैं और उन्हें हिंदी अनुवाद के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. इस विवाद के बाद गाने के मेकर्स ने हिंदी वर्जन को यूट्यूब से हटा दिया है. नोरा फतेही ने बुधवार (18 मार्च) को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने पूरे मामले पर सफाई दी.
उन्होंने बताया कि यह गाना मैंने तीन साल पहले कन्नड़ में शूट किया था. मैंने हां इसलिए कहा क्योंकि यह एक बड़ी फिल्म का हिस्सा था और इसमें संजय दत्त जैसे बड़े आइकन के साथ काम करने का मौका मिला. कौन मना करेगा उनसे काम करने से? मैंने सोचा कि यह किसी आइकॉनिक गाने का रीमेक है.
लोकसभा में समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने इस मुद्दे को उठाया. जवाब में मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट कहा कि गाने पर पहले ही बैन लगा दिया गया है. उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 19(2) का जिक्र करते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी पूर्ण रूप से असीमित नहीं है.
यह सार्वजनिक व्यवस्था, शालीनता, नैतिकता और बच्चों-महिलाओं की सुरक्षा जैसे मामलों में प्रतिबंधों के अधीन है. मंत्री ने आगे कहा, 'आज डिजिटल माध्यम से चीजें बहुत तेजी से फैलती हैं. समाज की रक्षा, खासकर बच्चों, महिलाओं और कमजोर वर्गों की सुरक्षा के लिए सरकार सख्त कदम उठाने को तैयार है.'
फिल्म 'KD: The Devil' अप्रैल 2026 में रिलीज होने वाली है, जिसमें ध्रुव सरजा मुख्य भूमिका में हैं. यह पैन-इंडिया फिल्म है और कई भाषाओं में आएगी. लेकिन इस गाने के विवाद से फिल्म की टीम पर दबाव बढ़ गया है.