नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने सिनेमाघरों में 100 दिन पूरे कर लिए हैं. खास बात यह है कि फिल्म की शुरुआत महज 10 लाख रुपये की ओपनिंग से हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे इसने दुनियाभर में 453 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली. यह विशाल चतुर्वेदी की बतौर निर्देशक पहली फिल्म है.
फिल्म का शुरुआती प्रदर्शन भले ही धीमा रहा, लेकिन दर्शकों की तारीफ और सकारात्मक प्रतिक्रिया ने इसकी कमाई को रफ्तार दी. पहले सप्ताह में फिल्म ने 1.08 करोड़ रुपये का कारोबार किया. रिपोर्टेड क्लोजिंग ट्रेड अनुमानों के मुताबिक, 'हनुमान अंश' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 343.11 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. वहीं, भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 404.97 करोड़ रुपये रहा. विदेशों में फिल्म ने 48.70 करोड़ रुपये कमाए. इस तरह इसका कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 453.67 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
'हनुमान अंश' की सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि इसे करीब 1.8 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया था. फिल्म की कहानी विशाल चतुर्वेदी ने लिखी है और निर्देशन की जिम्मेदारी भी उन्होंने ही संभाली है. फिल्म में शोभिनव सत्य, विहान शेडगे, चंदन आनंद, अनिल रस्तोगी और पूर्णिमा तिवारी जैसे कलाकार नजर आए हैं. आध्यात्मिक विषय पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिला, जिसके चलते इसने अपनी शुरुआती कमाई के मुकाबले कहीं बेहतर प्रदर्शन किया.
सिनेमाघरों में 100 दिन पूरे करना विशाल चतुर्वेदी के लिए उनके निर्देशन करियर की बड़ी उपलब्धि है. महज 10 लाख रुपये की ओपनिंग से शुरू हुआ फिल्म का सफर अब 453.67 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड कलेक्शन तक पहुंच चुका है. अब फिल्म की अगली पारी ओटीटी पर शुरू होने जा रही है. 'हनुमान अंश' 27 नवंबर से Sony LIV पर स्ट्रीम होगी. इसके अलावा, बाद में Sony MAX पर इसका टीवी प्रीमियर भी किया जाएगा.