menu-icon
India Daily

Bigg Boss 20: क्या कनिका मान की दोस्ती बनी गेम की दुश्मन? तीन रियलिटी शो जीतने वाले गुल्लू बिग बॉस में पड़े फीके

तीन रियलिटी शो जीतकर बिग बॉस 20 में पहुंचे कुशल तंवर उर्फ गुल्लू का खेल अब तक उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है. शो में वह ज्यादातर समय कनिका मान के साथ सोफे पर बैठकर दूसरे कंटेस्टेंट्स की चर्चा करते नजर आते हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Bigg Boss 20: क्या कनिका मान की दोस्ती बनी गेम की दुश्मन? तीन रियलिटी शो जीतने वाले गुल्लू बिग बॉस में पड़े फीके
Courtesy: @VasimShaik76873 X Account

एक के बाद एक तीन रियलिटी शो जीतकर बिग बॉस 20 में पहुंचे कुशल तंवर उर्फ गुल्लू से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं. माना जा रहा था कि वह अपने मजाकिया अंदाज, शानदार कॉमिक टाइमिंग और बेबाक व्यक्तित्व से शो में अलग पहचान बनाएंगे.  बिग बॉस के घर में आने के बाद उनका खेल उम्मीद के मुताबिक नजर नहीं आया. तीन रियलिटी शो जीतने का अनुभव रखने वाले गुल्लू अब घर में काफी शांत और बैकफुट पर दिखाई दे रहे हैं. उनके गेम को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

बिग बॉस के घर में गुल्लू के खेल की चर्चा होती है, तो उनके साथ कनिका मान का नाम भी जुड़ जाता है. शो की शुरुआत से ही दोनों की दोस्ती काफी चर्चा में रही है. दोनों ज्यादातर समय एक साथ नजर आते हैं. खासकर घर के सोफे पर बैठकर दूसरे कंटेस्टेंट्स के गेम, रणनीतियों और व्यवहार पर चर्चा करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया है.

दर्शकों को क्या थी उम्मीद?

हालांकि, यही दोस्ती अब गुल्लू के गेम के लिए परेशानी बनती दिखाई दे रही है. दर्शकों को उम्मीद थी कि गुल्लू घर में अपनी अलग रणनीति बनाएंगे और अपनी मजबूत पर्सनैलिटी सामने रखेंगे. लेकिन वह अक्सर कनिका के साथ ही नजर आते हैं. ऐसे में उनकी व्यक्तिगत पहचान और खेल का प्रभाव कहीं पीछे छूटता दिखाई दे रहा है. उनका ज्यादातर समय दूसरे सदस्यों पर चर्चा करने में बीत रहा है.

कहां चूक रहे हैं गुल्लू?

गुल्लू की सबसे बड़ी ताकत उनका मनोरंजक अंदाज और लोगों से जुड़ने की क्षमता मानी जाती रही है. उन्होंने लगातार तीन रियलिटी शो जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की थी. ऐसे में बिग बॉस के घर में उनसे सक्रियता, मजबूत फैसलों और खुलकर अपनी राय रखने की उम्मीद थी. लेकिन अब तक उनका खेल उतना प्रभावशाली नहीं दिखा है.

कनिका के साथ उनकी नजदीकी के कारण भी वह कई बार अपनी अलग रणनीति बनाते नजर नहीं आते. बिग बॉस जैसे शो में जहां हर कंटेस्टेंट को अपनी पहचान और व्यक्तिगत गेम दिखाना होता है, वहां किसी एक साथी के साथ लगातार बने रहना खेल को सीमित कर सकता है. गुल्लू के मामले में भी यही सवाल उठ रहा है कि क्या वह अपनी दोस्ती और गेम के बीच संतुलन नहीं बना पा रहे हैं.

सलमान खान ने वीकेंड का वार में लगाई क्लास

गुल्लू और कनिका के कमजोर खेल पर सलमान खान ने भी इस हफ्ते वीकेंड का वार में दोनों को समझाया. सलमान ने उनके बोरिंग गेम और घर में कम योगदान को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने दोनों को बताया कि अगर वे इसी तरह खेलते रहे और टॉप 5 तक पहुंच गए, तो उनकी जर्नी वीडियो में दिखाने के लिए सोफे पर बैठकर की गई बातचीत के अलावा ज्यादा कुछ नहीं होगा.

सलमान ने यह भी समझाने की कोशिश की कि बिग बॉस के घर में सिर्फ दूसरे कंटेस्टेंट्स के गेम पर टिप्पणी करने से काम नहीं चलेगा. उन्हें खुद भी खेल में सक्रिय भूमिका निभानी होगी. हालांकि, दोनों अपनी सफाई देते और खुद को सही साबित करते नजर आए. ऐसे में सलमान की सलाह का उनके खेल पर कितना असर पड़ेगा, यह आने वाले एपिसोड में साफ होगा.

कब अपनी अलग पहचान बनाएंगे गुल्लू?

गुल्लू के पास रियलिटी शो का अच्छा अनुभव है और वह पहले भी अपनी प्रतिभा से दर्शकों का मनोरंजन कर चुके हैं. लेकिन बिग बॉस का खेल बाकी रियलिटी शोज से काफी अलग है. यहां सिर्फ मनोरंजन करना ही काफी नहीं, बल्कि मजबूत फैसले लेना, टास्क में योगदान देना और जरूरत पड़ने पर अपने दोस्तों के खिलाफ भी स्टैंड लेना पड़ता है.

अब सवाल यही है कि क्या गुल्लू कनिका मान के साथ अपनी दोस्ती बनाए रखते हुए भी स्वतंत्र रूप से खेल पाएंगे? क्या सलमान खान की फटकार के बाद वह अपनी रणनीति बदलेंगे और दर्शकों को अपना असली अंदाज दिखाएंगे? फिलहाल उनका गेम एक सोफे और कनिका के साथ होने वाली चर्चाओं तक सिमटा नजर आ रहा है. आने वाले दिनों में गुल्लू का बदला हुआ अंदाज देखने को मिलता है या नहीं, इस पर सबकी नजरें रहेंगी.