रियलिटी शो Rise and Fall Season 2 की शुरुआत के साथ ही घर के अंदर विवाद भी तेज हो गया है. शो के पहले ही हफ्ते में सिवेत तोमर और शहजाद पूनावाला के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया. दोनों के बीच हुई झड़प का वीडियो सामने आने के बाद यह घटना चर्चा में है.
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत एक टास्क के दौरान हुई. इस टास्क में सभी रूलर्स को किसी एक कमजोर रूलर का नाम बताना था. इसी दौरान सिवेत तोमर का नाम भी सामने आया. शहजाद पूनावाला ने भी सिवेत को कमजोर रूलर के तौर पर चुना.
शहजाद ने सिवेत का नाम लेने के पीछे उनकी कथित आक्रामकता और गालीगलौच करने वाले व्यवहार को वजह बताया. उनका कहना था कि इस तरह का रवैया पेंटहाउस के लिए सही नहीं है. इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. बातचीत के दौरान शहजाद ने सिवेत पर स्वरा के साथ बातचीत को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने सिवेत को करण का दूत बताया और आरोप लगाया कि वह करण की बातों का समर्थन करते हैं. टास्क के फैसले के बाद सिवेत अल्टीमेट रूलर बनने की रेस से बाहर हो गए. लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ.
टास्क खत्म होने के बाद सिवेत और शहजाद के बीच एक बार फिर बहस हुई. देखते ही देखते दोनों के बीच तनाव बढ़ गया. इसी दौरान सिवेत ने कथित तौर पर शहजाद की ओर आक्रामक तरीके से बढ़ते हुए उन्हें धक्का दे दिया. धक्का लगने के बाद शहजाद जमीन पर गिर गए. इसके बाद दोनों के बीच खींचतान भी हुई. इसी दौरान शहजाद के कपड़े फट गए. घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस झड़प को लेकर चर्चा शुरू हो गई.
शहजाद ने इस घटना के बाद शो में हिंसा को लेकर नाराजगी जताई. उन्होंने मेकर्स से कहा कि वह इस तरह की स्थिति को स्वीकार नहीं करेंगे और शो में नहीं रहना चाहते.
घटना के बाद शो में सिवेत के खिलाफ कार्रवाई की गई. उन्हें पेंटहाउस से बाहर कर दिया गया. हालांकि, शो के कुछ कंटेस्टेंट सिवेत को बाहर किए जाने के फैसले से सहमत नजर नहीं आए. करण ने इस दौरान सवाल उठाया कि अगर सिवेत को शो से बाहर किया जा रहा है तो शहजाद को भी कथित तौर पर उन्हें उकसाने की भूमिका के लिए कार्रवाई का सामना करना चाहिए.
इस पूरे विवाद के बाद अब नजर इस बात पर है कि शो के होस्ट वीरेंद्र सहवाग इस घटना पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और आगे सिवेत तथा शहजाद को लेकर मेकर्स का क्या फैसला रहता है.