OTT Release This Week : अगर इस वीकेंड घर बैठे कुछ नया देखने का प्लान है, तो OTT पर मनोरंजन की कमी नहीं है. अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर इस हफ्ते फिल्में, वेब सीरीज और डॉक्यूमेंट्री रिलीज हुई हैं.
अरशद वारसी और प्रतीक गांधी की ‘घमासान’ OTT पर आ चुकी है. फिल्म में एक पुलिस ऑफिसर की कहानी दिखाई गई है, जो खतरनाक डकैत को पकड़ने की कोशिश करता है. इसका निर्देशन तिग्मांशु धूलिया ने किया है. वहीं प्राइम वीडियो पर भुवन बाम, गुरफतेह पीरजादा, रोहित सराफ और प्रतिभा रांता की ‘द रिवोल्यूशनरीज’ रिलीज हुई है. निखिल आडवाणी की यह सीरीज गदर आंदोलन से जुड़े राशबिहारी बोस, बाघा जतिन और सचिंद्रनाथ सान्याल की कहानी दिखाती है.
जियो हॉटस्टार पर हॉरर-कॉमेडी सीरीज ‘अली बाबा और 40 भूत’ रिलीज हुई है. इसमें आशा नेगी और विशाल वशिष्ठ नजर आते हैं. कहानी एक ऐसे गांव की है, जहां लोग अचानक गायब होने लगते हैं और रहस्यमयी घटनाएं सामने आती हैं. इसी प्लेटफॉर्म पर मलयालम कॉमेडी-ड्रामा ‘प्रिंस ऑफ मॉलीवुड’ भी आई है, जिसे हिंदी में देखा जा सकता है. फिल्म एक ऐसे युवक की कहानी है, जो मलयालम सिनेमा का स्टार बनने का सपना देखता है.
नेटफ्लिक्स पर ‘अनटोल्ड मिस्टर टी: आई पिटी द फूल’ लॉरेंस ट्यूरॉड यानी मिस्टर टी के जीवन और उनके संघर्षों को दिखाती है. इसके अलावा डार्क कॉमेडी ‘गो टीम’ एक पुरानी पड़ चुकी कंपनी और उसके बाजार में टिके रहने की कोशिश पर आधारित है. सात एपिसोड की मिनी-सीरीज ‘द परफेक्ट लाइ’ सास्किया नूर्ट के 2007 के डच उपन्यास ‘De Eetclub’ पर आधारित है.