Chandan Anand : कम बजट की फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने चंदन आनंद को दर्शकों के बीच नई पहचान दी है. करीब 20 साल से एक्टिंग कर रहे चंदन अब बॉलीवुड की दो बड़ी फिल्मों का हिस्सा बन चुके हैं. उन्होंने बताया कि ‘मॉन्स्टर’ में सलमान खान और ‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ काम किया है.
चंदन आनंद ने बताया कि वह सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘मॉन्स्टर’ में काम कर रहे हैं. फिल्म का निर्देशन वामशी पैदिपल्ली कर रहे हैं. चंदन का रोल छोटा है, लेकिन सलमान के साथ काम करने का सपना पूरा होने से वह बेहद खुश हैं. उन्होंने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं. इसके अलावा चंदन शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ में भी नजर आएंगे. उन्होंने बताया कि फिल्म में शाहरुख के साथ उनका एक प्यारा सा सीन है और इसके लिए उन्होंने डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद का शुक्रिया भी किया.
दोनों सुपरस्टार के साथ काम करने को लेकर चंदन ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए काफी अच्छा रहा. सेट पर सितारों के आसपास हमेशा कई लोग रहते हैं, इसलिए उनसे ज्यादा बातचीत नहीं हो पाई. हालांकि, सलमान उनसे बेहद प्यार से मिले. चंदन ने बताया कि उनके पिता सलमान खान के बहुत बड़े फैन रहे हैं. ऐसे में उन्हें यकीन है कि अगर उनके पिता अपने बेटे को सलमान के साथ काम करते देखते, तो बहुत खुश होते.
चंदन आनंद लंबे समय से फिल्मों और टीवी की दुनिया में काम कर रहे हैं. 90 के दशक में आई ‘चैन कुली की मैन कुली’ में उन्होंने पाकिस्तान के तेज गेंदबाज का किरदार निभाया था. इसके अलावा वह ‘फाइटर’, ‘देवा’ और ‘होमबाउंड’ जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं. हालांकि, ‘हनुमान अंश’ ने उन्हें दर्शकों के बीच ज्यादा पहचान दिलाई. अब सलमान और शाहरुख की फिल्मों में काम मिलने से उनके करियर को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.