Kareena kapoor New Film: बॉलीवुड की बेबो यानी करीना कपूर खान और मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार पृथ्वीराज सुकुमारन एक साथ एक नई फिल्म में नजर आने वाले हैं. इस फिल्म का नाम है 'दायरा', जिसका ऐलान हाल ही में करीना ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर करके किया. इस प्रोजेक्ट को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, क्योंकि यह फिल्म मशहूर निर्देशक मेघना गुलजार के निर्देशन में बन रही है, जिन्होंने 'राजी' और 'तलवार' जैसी शानदार फिल्में दी हैं.
'दायरा' एक क्राइम ड्रामा फिल्म है, जिसे जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. यह जंगली पिक्चर्स और मेघना गुलजार का तीसरा सहयोग है, जिसने पहले भी दर्शकों को बेहतरीन कहानियां दी हैं. इस फिल्म में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. करीना ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म का टाइटल रिवील करते हुए एक वीडियो शेयर किया, जिसमें फिल्म की थीम और मूड की झलक दिखाई देती है. वीडियो में दिखाया गया है कि यह एक प्रभावशाली कहानी होगी, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देगी.
मेघना गुलजार की कहानी कहने की शैली हमेशा से दर्शकों को प्रभावित करती रही है. उनकी फिल्में न केवल मनोरंजन करती हैं, बल्कि सामाजिक मुद्दों पर गहरी छाप भी छोड़ती हैं. 'दायरा' भी एक ऐसी कहानी होने की उम्मीद है, जो दर्शकों को इमोशनल और मानसिक रूप से झकझोर दे. करीना कपूर, जो अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं, इस फिल्म में एक बार फिर अपने अभिनय का जादू बिखेरने को तैयार हैं. वहीं पृथ्वीराज सुकुमारन, जो मलयालम सिनेमा के साथ-साथ अन्य भाषाओं में भी अपनी छाप छोड़ चुके हैं, इस फिल्म में करीना के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे. बता दें कि आखिरी बार करीना कपूर खान फिल्म 'क्रू' में नजर आई थी.